26/11 के मृतकों को श्रद्धांजलि देने के बाद मैक्रों बोले- 'फ्रांस आपके साथ खड़ा है'


नई दिल्ली, 17 फरवरी (आईएएनएस)। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट- 2026’ में शामिल होने के लिए भारत में हैं। मुंबई दौरे पर फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों और प्रथम महिला ब्रिगिट मैक्रों ने मंगलवार को 2008 के आतंकी हमलों (26/11) में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इमैनुएल मैक्रों के बीच मुलाकात हुई।

मैक्रों ने 26/11 के मृतकों को श्रद्धांजलि देने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मुंबई के ताज महल पैलेस में, हमने 2008 के हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। उनके परिवारों और प्रियजनों के लिए, और भारत के लिए, फ्रांस आपके साथ खड़ा है। आतंकवाद के सामने, एकता और दृढ़ निश्चय के साथ।”

मैक्रों ने मुंबई में बॉलीवुड के सितारों के साथ भी मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा कर लिखा, “इस दौरान भारतीय सिनेमा के दिग्गजों के साथ। संस्कृति हमें साथ लाती है।”

पीएम मोदी ने मैक्रों से मिलने के बाद गले लगाकर उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने मैक्रों संग मुलाकात की एक तस्वीर के साथ एक्स पर लिखा, “मुंबई में अपने दोस्त, राष्ट्रपति मैक्रों से मिलकर बहुत खुशी हुई। उन्होंने मुझे बताया कि उन्हें यह शहर बहुत पसंद है और आज सुबह उन्होंने अपनी जॉगिंग का भी आनंद लिया।”

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “भारत में आपका स्वागत है! भारत आपके आने और हमारे आपसी रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का इंतजार कर रहा है। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारी बातचीत से अलग-अलग क्षेत्र में सहयोग और मजबूत होगा और दुनिया भर में तरक्की में मदद मिलेगी। मुंबई में और बाद में दिल्ली में मिलते हैं, मेरे प्यारे दोस्त।”

दूसरी ओर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी पहुंचे हैं और 19 फरवरी को इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इस दौरान गवर्नर आचार्य देवव्रत भी वहां मौजूद रहे।

विदेश मंत्रालय ने भी मैक्रों का स्वागत करते हुए लिखा, “एक मजबूत भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की ओर। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का गर्मजोशी से स्वागत। महाराष्ट्र और गुजरात के गवर्नर आचार्य देवव्रत ने मुंबई एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरे के दौरान, पीएम मोदी राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय मीटिंग करेंगे। दोनों लीडर भारत-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन 2026 लॉन्च करेंगे। यह दौरा वाइब्रेंट इंडिया-फ्रांस स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को और रफ्तार देगा।”

–आईएएनएस

केके/एबीएम


Show More
Back to top button