'हीरामंडी' के बाद नई उड़ान: ताहा शाह बदुशा अब करण जौहर की 'नजदीकियां' में आएंगे नजर

मुंबई, 19 मार्च (आईएएनएस)। आज के दौर में ओटीटी और फिल्मों की दुनिया तेजी से बदल रही है, और इसी बदलते समय में कुछ कलाकार ऐसे भी हैं जो धीरे-धीरे अपनी मेहनत से मजबूत पहचान बना रहे हैं। ताहा शाह बदुशा उन्हीं नामों में से एक बनकर उभर रहे हैं। संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज ‘हीरामंडी’ में अपने दमदार अभिनय से उन्होंने दर्शकों का ध्यान खींचा। अब वह एक बार फिर बड़े प्रोजेक्ट के साथ लौट रहे हैं, और ये प्रोजेक्ट है करण जौहर का।
दरअसल, ताहा शाह बदुशा ने करण जौहर के नए प्रोजेक्ट ‘नजदीकियां’ को साइन किया है। यह फिल्म आधुनिक रिश्तों और भावनाओं पर आधारित बताई जा रही है, जो आज के दर्शकों को काफी हद तक अपनी जिंदगी से जुड़ी हुई महसूस हो सकती है। इस प्रोजेक्ट में ताहा के साथ परेश पाहुजा, आकांक्षा सिंह और निकिता दत्ता भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर अभी से दर्शकों के बीच उत्सुकता देखी जा रही है।
इस खास मौके पर ताहा शाह बदुशा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके लिए बेहद खास पल है। उन्होंने कहा, “आज का दिन मेरे लिए बहुत खास है। धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म ‘गिप्पी’ का हिस्सा बनने से लेकर अब करण जौहर के साथ दोबारा काम करना, यह सच में एक फुल-सर्कल जर्नी जैसा लग रहा है। संजय लीला भंसाली के साथ काम करने के बाद, मैं ‘नजदीकियां’ के जरिए एक बिल्कुल नए स्पेस को एक्सप्लोर करने के लिए बहुत उत्साहित हूं। मैं आभारी हूं और बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं कि लोग मेरे इस नए काम को देखें।”
अगर ताहा शाह बदुशा के करियर पर नजर डालें, तो उन्होंने शुरुआत साल 2011 में फिल्म ‘लव का दी एंड’ से की थी। इसके बाद वह 2013 में ‘गिप्पी’ में नजर आए, जहां उनके अभिनय को सराहा गया और इंडस्ट्री के बड़े लोगों ने भी उनके काम की तारीफ की।
2015 में उन्होंने ‘बरखा’ में काम किया। इसके बाद 2016 में वह करण जौहर की फिल्म ‘बार-बार देखो’ में नजर आए, 2017 में ‘रांची डायरीज’ में उनका काम देखने को मिला।
धीरे-धीरे ताहा ने फिल्मों के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म की ओर भी कदम बढ़ाया। उन्होंने वेब सीरीज ‘बुलेट्स’ और ‘बेकाबू 2’ में काम किया और अपने अभिनय के अलग-अलग रंग दिखाए। इतना ही नहीं, उन्होंने हॉलीवुड फिल्म ‘द्रौपदी अनलीश्ड’ में भी काम किया, जो उनके करियर का एक अलग अनुभव रहा।
ताहा शाह बदुशा के करियर में सबसे बड़ा बदलाव तब आया, जब उन्हें संजय लीला भंसाली की ‘हीरामंडी’ में काम करने का मौका मिला। इस सीरीज में उनके किरदार को दर्शकों ने काफी पसंद किया और उन्हें नई पहचान मिली। अब ‘नजदीकियां’ के जरिए वह एक बार फिर दर्शकों के सामने आने वाले हैं।
–आईएएनएस
पीके/एबीएम