अफगानिस्तान ने बगराम एयरबेस पर नाकाम की पाक‍िस्‍तान की साजिश, हवाई हमलों का द‍िया करारा जवाब


काबुल, 1 मार्च (आईएएनएस)। अफगानिस्तान ने दावा क‍िया कि उसने बगराम एयरबेस पर पाक‍िस्‍तानी सेना की ओर से क‍िए गए हवाई हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया है।

पझवोक अफगान न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, सेंट्रल परवन में पुलिस मुख्‍यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि पाकिस्तानी सेना के कई फाइटर जेट्स ने सुबह करीब पांच बजे बगराम एयरबेस के एयरस्पेस में हवाई हमला क‍िया।

प्रोविंशियल पुलिस हेडक्वार्टर ने कहा कि बगराम की बहादुर रक्षा और वायु सेनाओं की तत्काल और पेशेवर प्रतिक्रिया से, जिको वन और टू माइल डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल किया गया और दुश्मन की हरकतों को बेअसर कर एक जरूरी और निर्णायक जवाब दिया गया।

इलाके में किसी के हताहत होने या सामान के नुकसान की खबर नहीं है और स्थिति पूरी तरह से सिक्योरिटी और डिफेंस फोर्स के कंट्रोल में है।

पझवोक अफगान न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस मुख्यालय ने कहा कि अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र और राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा करना एक मौलिक और गैर-परक्राम्य जिम्मेदारी है। यदि देश की भूमि, जनता या मूल्यों के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाती है तो उसके ल‍िए निर्णायक और कानूनी जवाब की चेतावनी भी दी गई।

अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी सेनाओं ने जवाबी हमलों के बाद पाकिस्तान की चार सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया।

डिफेंस मिनिस्ट्री के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान 32 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए।

अफगानिस्तान की खामा प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, तालिबान ने झड़पों के दौरान दो पाकिस्तानी ड्रोन मार गिराने का भी दावा किया। बताया गया कि ये हमले पाकिस्तान के पक्तिया, कंधार, खोस्त और नंगरहार प्रांतों में हुए।

27 फरवरी को, अफगानिस्तान ने 21 फरवरी को नंगरहार और पक्तिता में इस्लामाबाद के एयरस्ट्राइक के जवाब में डूरंड लाइन पर पाकिस्तानी आर्मी पोस्ट और मिलिट्री सेंटर पर हमले किए।

अफगानिस्तान के हमलों के बाद पाकिस्तान ने “ऑपरेशन गजब लिल-हक” शुरू किया। पाकिस्तान के प्रमुख दैनिक डॉन के अनुसार, यह उसने कई बॉर्डर सेक्टर में अफगान सेना की “बिना उकसावे की फायरिंग” के जवाब में किया।

पाकिस्तान एयर फोर्स (पीएफ) ने काबुल, कंधार और पक्तिया में मिलिट्री ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले क‍िए।

हाल के महीनों में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा है, जहां दोनों पक्ष एक-दूसरे पर सीमा पार हमलों और आतंकवादी समूहों को शरण देने के आरोप लगाते रहे हैं।

–आईएएनएस

एवाई/एबीएम


Show More
Back to top button