शानदार प्रदर्शन के दम पर तीसरे स्थान पर पहुंचीं अदिति अशोक, राय-थीगला कट से चूके


मेनलो पार्क, 21 मार्च (आईएएनएस)। अदिति अशोक ने दूसरे राउंड में 6-अंडर 66 का स्कोर बनाकर दुनिया की नंबर वन खिलाड़ी थाईलैंड की जीनो थिटिकुल के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान (टी-3) हासिल कर लिया। अशोक और थिटिकुल दोनों ने अपने शुरुआती ‘इवन पार’ राउंड के बाद दूसरे राउंड में 6-अंडर 66 का स्कोर किया, जिससे वह कैरिस डेविडसन, नेली कोर्डा, हाये-जिन चोई, मिंजी ली और जिन ही इम के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गईं।

ह्यो जू किम ने अपनी बढ़त और बढ़ा ली। उन्होंने दूसरे राउंड में 2-अंडर 70 का स्कोर किया और अपनी सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी मेक्सिको की गैबी लोपेज से चार शॉट आगे निकल गईं। किम अब 11-अंडर पार पर हैं। लोपेज ने पहले दिन 5-अंडर 67 का स्कोर किया था और उसके बाद दूसरे राउंड में 2-अंडर 70 का स्कोर किया, जिससे वह सप्ताहांत में प्रवेश करते समय 7-अंडर के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर बनी रहीं।

अशोक ने अपना दूसरा राउंड ‘फ्रंट नाइन’ से शुरू किया और तीसरे होल से लगातार चार बर्डी बनाईं। आठवें होल पर पांचवीं बर्डी के साथ टर्न से पहले अदिति 5-अंडर पार पर पहुंच गई थीं। ‘बैक नाइन’ पर 11वें होल पर एक बर्डी के बाद 13वें होल पर दिन की एकमात्र बोगी आई; इसके बाद 18वें होल पर एक और बर्डी ने उन्हें कुल 6-अंडर पार के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंचा दिया।

ह्यो जू किम ने अपना दूसरा दिन ‘बैक नाइन’ से शुरू किया और टर्न तक एक बर्डी के मुकाबले दो बोगी बनाईं। इसके बाद उन्होंने ‘फ्रंट नाइन’ में बिना किसी बोगी के शानदार खेल दिखाया, जिसमें तीन बर्डी शामिल थीं। इसके कारण राउंड के अंत तक उनकी बढ़त चार स्ट्रोक तक पहुंच गई। एरॉन राय ने दूसरे राउंड में 5-ओवर 77 का स्कोर किया और वैलस्पार चैंपियनशिप में कट से चूक गए, जबकि उनका शुरुआती राउंड काफी मजबूत था जिसने उन्हें शीर्ष 10 में जगह दिलाई थी। राय का कुल स्कोर 3-ओवर पार (68-77) रहा।0

साहित थीगाला भी कट से चूक गए। थीगाला ने सप्ताह की शुरुआत एक मुश्किल पहले राउंड के साथ की थी और अगर उन्हें कट में जगह बनानी थी, तो दूसरे दिन उन्हें काफी ज्यादा जमीन तय करनी थी। उन्होंने दूसरे राउंड में ‘ईवन पार’ 72 का स्कोर बनाया और इस तरह हफ्ते का समापन 6-ओवर पार (77-72) पर किया।

दूसरे राउंड के बाद भी सुंगजे इम सबसे आगे चल रहे हैं और टॉप चार खिलाड़ियों में वह अकेले ऐसे खिलाड़ी हैं जिनके नाम पीजीए टूर की जीत दर्ज है। इम ने दूसरे राउंड में 2-अंडर 70 का स्कोर बनाया और अपने सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी डेविड लिपस्की से एक स्ट्रोक आगे हैं। इम का कुल स्कोर 9-अंडर पार (64-69) है।

आरोन राय ने अपने दूसरे राउंड की शुरुआत ‘बैक नाइन’ पर एक बर्डी के साथ की, लेकिन फिर तीन बोगी और एक डबल बोगी के चलते दिन के पहले नौ होल्स में ही उनके पांच स्ट्रोक कम हो गए। ‘फ्रंट नाइन’ पर राय ने एक बार फिर बर्डी के साथ शुरुआत की, लेकिन इसके बाद उन्होंने चार और बोगी तथा एक और बर्डी बनाई। सात बोगी और एक डबल बोगी के कारण दिन के अंत में उनका स्कोर 6-ओवर पार रहा और इस तरह इस हफ्ते उनका सफर जल्दी ही समाप्त हो गया।

टॉप चार में शामिल अन्य खिलाड़ियों में डेविड लिपस्की दूसरे स्थान पर 8-अंडर पर हैं। डग घिम और टूर के नए खिलाड़ी चैंडलर ब्लैंचेट 7-अंडर पार के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। मौजूदा चैंपियन विक्टर होवलैंड लगातार दूसरे साल वैलस्पार में कट से चूक गए। 2025 में प्लेयर्स चैंपियिशनप के बाद यह पहला मौका है जब वह टूर पर किसी टूर्नामेंट में कट से चूके हैं।

–आईएएनएस

एसएम/डीकेपी


Show More
Back to top button