एक्टर से डायरेक्टर और अब प्रोड्यूसर बने कुणाल खेमू, 'ड्रोंगो फिल्म्स' के जरिए नई कहानियों को देंगे मंच


मुंबई, 18 मार्च (आईएएनएस)। बॉलीवुड में कई ऐसे कलाकार हैं, जिन्होंने समय के साथ खुद को नए-नए रूप में साबित किया है। कुछ ने अभिनय से शुरुआत की और आगे चलकर निर्देशन या प्रोडक्शन की दुनिया में कदम रखा। अब इसी कड़ी में एक और नाम जुड़ गया है, कुणाल खेमू का।

बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपने करियर की शुरुआत करने वाले कुणाल ने फिल्मों में लीड एक्टर के रूप में पहचान बनाई, फिर निर्देशन में हाथ आजमाया और अब वह अपने प्रोडक्शन हाउस के साथ एक नई शुरुआत कर रहे हैं।

कुणाल खेमू ने सोशल मीडिया के जरिए ऐलान किया कि उन्होंने अपना खुद का नया प्रोडक्शन हाउस ‘ड्रोंगो फिल्म्स’ शुरू किया है। इस सफर में उनके साथ प्रोड्यूसर चिराग निहलानी भी साझेदार हैं। दोनों मिलकर इस बैनर के तहत ऐसी फिल्मों का निर्माण करेंगे, जो अलग सोच और नई कहानियों को सामने लाएंगी।

गौरतलब है कि कुणाल ने पिछले साल बतौर निर्देशक अपनी पहली फिल्म ‘मडगांव एक्सप्रेस’ बनाई थी, जिसे दर्शकों और समीक्षकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। इस फिल्म ने यह साबित कर दिया कि कुणाल सिर्फ एक अच्छे अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन निर्देशक भी हैं, जो दर्शकों की पसंद और कहानी की पकड़ दोनों को समझते हैं। इसी अनुभव ने उन्हें आगे बढ़कर प्रोडक्शन हाउस शुरू करने का आत्मविश्वास दिया।

अपने नए प्रोडक्शन हाउस के बारे में बात करते हुए कुणाल और चिराग का कहना है कि वे ऐसी कहानियों को सामने लाना चाहते हैं, जो मनोरंजक होने के साथ-साथ दिल को छूने वाली भी हों। उनका मकसद सिर्फ फिल्म बनाना नहीं, बल्कि ऐसी कहानियों को मंच देना है, जो कुछ अलग हों और दर्शकों को नया अनुभव दें।

कुणाल आने वाली फिल्म ‘गोलमाल 5’ में नजर आएंगे, जिसे मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी बना रहे हैं। इस फिल्म में अजय देवगन, अक्षय कुमार और अरशद वारसी जैसे बड़े सितारे भी नजर आएंगे। ऐसे में दर्शकों को एक बार फिर कॉमेडी और एंटरटेनमेंट का भरपूर डोज मिलने की उम्मीद है।

–आईएएनएस

पीके/एबीएम


Show More
Back to top button