एएआईबी अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना के सभी संभावित कारणों की कर रहा है जांच: मुरलीधर मोहोल


नई दिल्ली, 2 फरवरी (आईएएनएस)। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) पिछले साल जून में अहमदाबाद में हादसे का शिकार हुई एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 की हर पहलू से जांच कर रहा है और इसका उद्देश्य समयबद्ध तरीके से जांच पूरी करना है, केंद्रीय नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने सोमवार को संसद को यह जानकारी दी।

केंद्रीय मंत्री ने राज्यसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा, “दुर्घटना के सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है और अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन संगठन (आईसीएओ) के नियमों के अनुसार समयबद्ध तरीके से जांच पूरी करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा,”दुर्घटना पर प्रारंभिक रिपोर्ट 12 जुलाई,2025 को एएआईबी द्वारा प्रकाशित की गई है और उनकी वेबसाइट पर उपलब्ध है। रिपोर्ट में उस समय उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तथ्यात्मक जानकारी शामिल है और इसमें कोई अंतरिम सुरक्षा सिफारिशें शामिल नहीं हैं।”

12 जून, 2025 को अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 171 एक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल भवन से टकरा गई, जिसमें विमान में सवार 241 यात्री और चालक दल के सदस्य तथा जमीन पर मौजूद 19 अन्य लोगों की मौत हो गई।

12 जुलाई को एएआईबी द्वारा जारी प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया है कि एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर के दोनों इंजनों ने ईंधन नियंत्रण स्विच के ‘रन’ से ‘कटऑफ’ स्थिति में जाने के बाद अपनी शक्ति खो दी। हालांकि, कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर से पता चला है कि एक पायलट ने दूसरे पायलट को बताया था कि उसने ईंधन नियंत्रण स्विच बंद नहीं किए थे। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से ठीक पहले ईंधन स्विच को वापस ‘रन’ स्थिति में कर दिया गया था।

आईसीएओ द्वारा निर्धारित मानदंडों के अनुसार, दुर्घटना के 12 महीनों के भीतर अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य है।

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने इससे पहले कहा था कि एयर इंडिया दुर्घटना पर एएआईबी की रिपोर्ट प्रारंभिक निष्कर्षों पर आधारित है, और उन्होंने अंतिम रिपोर्ट जारी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर न पहुंचने का आग्रह किया था।

–आईएएनएस

एबीएस/


Show More
Back to top button