मोगा में पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग में एक युवक घायल, पुलिस जांच में जुटी


मोगा, 11 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब में मोगा जिले के कस्बा बाघा पुराना क्षेत्र में गोलीबारी में एक युवक घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और कुलजीत को डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात करीब 12 बजे मोगा के तीन नंबर चुंगी के नजदीक कुलजीत सिंह निवासी वेदांत नगर अपने एक साथी के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान एक कार में सवार कुछ अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उन्होंने अचानक कुलजीत सिंह पर फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग के दौरान कुलजीत सिंह के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को उठाकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने कुलजीत सिंह की हालत गंभीर देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद लुधियाना के डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

इस मामले में डीएसपी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है।

उन्होंने कहा कि पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। घायल कुलजीत सिंह से भी पूछताछ की जाएगी, इससे पहले किसी से उसका विवाद तो नहीं हुआ था? इसके साथ ही उसके साथ मौजूद दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

–आईएएनएस

एसएके


Show More
Back to top button