चेन्नई में बीबीएल के पहले मैच से भारत में क्रिकेट के नए चैप्टर की शुरुआत


नई दिल्ली, 10 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बानीज ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में हुए खास कार्यक्रम में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया की घरेलू टी20 लीग बिग बैश लीग (बीबीएल) के 16वें सीजन का पहला मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में 12 दिसंबर को खेला जाएगा। दोनों देशों द्वारा मिलकर शुरू की गई इस नई पहल को भारत में क्रिकेट के नए चैप्टर की शुरुआत भी माना जा रहा है।

ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट इतिहास में यह पहला मौका होगा जब बिग बैश लीग का कोई मैच विदेशी धरती पर खेला जाएगा। हालांकि, चुनावों की वजह से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) कई बार आईपीएल का आयोजन घर से बाहर कर चुका है। मगर ऐसा पहली बार होगा जब किसी विदेशी टी20 लीग का मैच भारत में होगा। इसकी वजह यह भी है कि भारत में क्रिकेट को काफी महत्व दिया जाता है। देश में क्रिकेट को लेकर खास तरह का जुनून भी देखने को मिलता है। भारत में क्रिकेट का बाजार भी काफी बड़ा है और स्टेडियम में लाखों की संख्या में फैंस पहुंचते हैं।

भारतीय टीम के मुकाबले के साथ-साथ आईपीएल के मैचों के दौरान भी स्टेडियम ज्यादातर खचाखच भरे ही रहते हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का भी यही कहना है कि भारत में मैच होने से बिग बैश लीग की लोकप्रियता में कई गुना इजाफा होगा। माना जा रहा है कि बीबीएल के इस मैच को देखने फैंस भारी तादाद में पहुंच सकते हैं। हालांकि, बिग बैश लीग के इस कदम को महज एक शुरुआत माना जा रहा है। भारत में क्रिकेट की लोकप्रियता और सजे हुए बाजार को देखते हुए भविष्य में अन्य देश भी अपनी लीगों के मुकाबले भारत में करवाने की पेशकश कर सकते हैं।

बीबीएल और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा मिलकर उठाया गया यह कदम क्यों सूझबूझ भरा फैसला है वो आपको एक आंकड़े के जरिए बताते हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा देखे गए मैच (आईपीएल 2026 का फाइनल) की व्यूअरशिप तकरीबन 40 करोड़ रही थी। वहीं, बिग बैश लीग में सबसे ज्यादा देखे गए मैच की व्यूअरशिप सिर्फ 14 लाख रही थी।

भारत और ऑस्ट्रेलिया द्वारा की गई इस खास पहल से विश्व क्रिकेट में एक नए चलन को भी बढ़ावा मिल सकता है, जहां अन्य देश भी अपने लीग को मशहूर और मोटी कमाई करने के जरिए से इसका आयोजन भारत में करवाने पर विचार कर सकते हैं। हालांकि, यह बात इस पर भी निर्भर करेगी कि चेन्नई में होने वाले बिग बैश लीग के मुकाबले को फैंस कितना पसंद करते हैं और यह विश्व क्रिकेट में कितनी छाप छोड़ता है।

–आईएएनएस

एसएम/पीएम


Show More
Back to top button