राहुल गांधी की 'न्याय यात्रा' में 25 फरवरी को शामिल होंगे अखिलेश यादव


लखनऊ, 22 फरवरी (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन होने के बाद अब सपा मुखिया अखिलेश यादव कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में 25 फरवरी को आगरा में शामिल होंगे।

गुरुवार को अखिलेश यादव को यात्रा के लिए न्योता देने यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय खुद सपा दफ्तर पहुंचे।

कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने बताया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के उत्तर प्रदेश के संयोजक पीएल पुनिया कांग्रेस नेताओं के साथ सपा कार्यालय पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की तरफ से सपा अध्यक्ष को भेजे गए आमंत्रण पत्र को सपा के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी को सौंपा।

अवस्थी ने बताया कि राजेंद्र चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आगरा में राहुल गांधी के साथ यात्रा में शामिल होंगे। सपा मुखिया 25 फरवरी को आगरा में टेढ़ी बगिया स्थित आंबेडकर प्रतिमा के पास यात्रा में शामिल होंगे। न्याय यात्रा आगरा के शाहदरा चौराहे से फतेहपुर सीकरी तक जाएगी।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम


Show More
Back to top button