केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने किसान संगठनों से की शांति बनाए रखने की अपील

किसानों के प्रर्दशन पर केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने किसान संगठनों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अर्जुन मुंडा ने कहा कि हमें संवाद से इसे समाधान की ओर ले जाना है। शांतिपूर्ण वातावरण में वार्ता लगातार जारी रखते हुए हमें आगे बढ़ना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के सभी लोग शांति चाहते हैं। ऐसे विषयों पर हमें गंभीरता से विचार कर, सभी को मिलकर समाधान निकालने की दिशा में पहल करना चाहिए।

किसानों से कुछ प्रस्ताव पर हमारी बातचीत हुई लेकिन वे लोग सहमत नहीं हुए। हमारी वार्ता जारी रहनी चाहिए। मुंडा ने कहा हम अच्छा करना चाहते हैं संवाद एकमात्र जरिया है। उन्होंने सभी से अपील की है कि संयम बनाए रखते हुए वार्ता जारी रखते हुए समाधान निकालें। एमएसपी पर सरकार के प्रस्ताव को किसानों द्वारा खारिज किये जाने का जिक्र करते हुए मुंडा ने कहा कि वे अच्छी राय का स्वागत करते हैं।

केंद्र द्वारा एमएसपी पर फसल खरीदने का प्रस्ताव लाए जाने के बाद किसानों ने सोमवार शाम को यह कहते हुए प्रस्ताव खारिज कर दिया कि इसमें उनके लिए कुछ नहीं है। इस बीच, 21 फरवरी को होने वाले किसानों के दिल्ली चलो मार्च से पहले किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोक रही है और किसानों को बुधवार को मार्च निकालने की अनुमति दी जानी चाहिए। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल ने कहा कि चर्चा के बाद मंचों ने एमएसपी पर प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया है।
Show More
Back to top button