बिजनौर में नाबालिग से रेप का आरोपी गिरफ्तार


बिजनौर, 17 दिसंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की थाना धामपुर पुलिस ने गोपनीय सूचना व बीट पुलिसिंग के आधार पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अंकित उर्फ सुभाष को गिरफ्तार कर लिया है।

अभियुक्त अपने पड़ोस में रहने वाली एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और फिर उसके साथ उसने रेप किया।

पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पीड़िता की मां ने अपनी नाबालिग पुत्री को अज्ञात अभियुक्त द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने के सम्बन्ध में थाना धामपुर में मामला दर्ज करवाया था। पीड़िता व आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।

धामपुर थाना पुलिस और सर्विलेंस टीम की मदद से जांच के दौरान अंकित उर्फ सुभाष का नाम सामने आया, जो नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।

थाना धामपुर पुलिस द्वारा पीड़िता को सकुशल बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया एवं मेडिकल परीक्षण के आधार पर दर्ज मामले में धारा 376 की बढ़ोतरी की गयी है।

पकड़ा गया आरोपी अभियुक्त अंकित उर्फ सुभाष थाना धामपुर, जिला बिजनौर का रहने वाला है। उसकी उम्र करीब 22 वर्ष है।

–आईएएनएस

विमल/एसकेपी


Show More
Back to top button