भाजपा ने भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस मुख्यालय पर किया प्रदर्शन, धीरज साहू पर कार्रवाई की मांग

भाजपा ने भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस मुख्यालय पर किया प्रदर्शन, धीरज साहू पर कार्रवाई की मांग

नई दिल्ली, 9 दिसंबर (आईएएनएस)। भाजपा ने कांग्रेस नेताओं के भ्रष्टाचार के काले धन को संरक्षण देने के खिलाफ शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और गिरफ्तारी भी दी। इसके साथ ही भाजपा ने कांग्रेस सांसद धीरज साहू की सदस्यता राज्य सभा से निलंबित करने की मांग करते हुए कांग्रेस से भी साहू को पार्टी से बाहर निकालने की मांग की।

इस मसले पर भाजपा ने शनिवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन किया है। भाजपा आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने इसे सोनिया गांधी के जन्मदिन से जोड़ते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा, “आज अंतर्राष्ट्रीय भ्रष्टाचार दिवस है और आज ही करप्शन की दुकान की मालकिन का जन्मदिन भी। यह महज़ संयोग है!”

दूसरी तरफ राजधानी दिल्ली में भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व मे भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद धीरज साहू के प्रतिष्ठानों से सैकड़ो करोड़ रुपए नगद बरामद होने के बाद भी कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर निशाना साधते हुए शनिवार को अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ रहे दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेड्स लगा कर रोकने का प्रयास किया। लेकिन, भाजपा कार्यकर्ता आगे बढ़ते रहे तब दिल्ली पुलिस ने सचदेवा के साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया और तुगलक रोड थाने ले गई, जहां से उन्हें कुछ समय बाद चेतावनी देकर छोड़ा गया।

प्रदर्शन में सचदेवा के साथ-साथ रामवीर सिंह बिधूड़ी, मनोज तिवारी और रमेश बिधूड़ी के अलावा दिल्ली से भाजपा के अन्य सांसद, विधायक एवं प्रतिनिधि भी शामिल हुए। विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि कांग्रेस सांसद के प्रतिष्ठानों पर अभी भी नोटों की काउंटिंग चल रही है और यह संख्या 300 करोड़ रुपए के ऊपर हो जायेगी। जिस भ्रष्टाचार की रीति को जवाहर लाल नेहरू ने शुरू किया था, उसी रीति को राहुल गांधी भी आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सांसद धीरज साहू को लेकर कांग्रेस या सोनिया गांधी या राहुल गांधी अपनी चुप रहने की मजबूरी नहीं बता पा रहे हैं। कांग्रेस नेतृत्व बताए कि आखिर उसने एक ऐसे व्यक्ति को, जो दो बार लोक सभा का चुनाव हार चुका था, तीन बार से राज्य सभा सांसद के तौर पर भेजने का काम क्यों किया ?

उन्होंने कहा कि उनकी मांग है कि धीरज साहू की सदस्यता राज्य सभा से निलंबित हो और कांग्रेस उन्हें पार्टी से बाहर करें। रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि कम समय में इतने लोगों का इकट्ठा होना इस बात का गवाह है कि अब दिल्ली की जनता भी भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना मन बना चुकी है और आज तो यह राहुल गांधी के खिलाफ इकट्ठा हुए हैं, लेकिन, वह समय दूर नहीं जब केजरीवाल पर लगे आरोप सच साबित होंगे और हम केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर इकट्ठा होंगे।

मनोज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच प्रतिस्पर्धा चल रही है कि आखिर कौन कितना अधिक भ्रष्टाचार कर सकता है। प्रवेश वर्मा ने कहा कि यह सारा पैसा मोदी सरकार को गिराने और हराने के लिए इकट्ठा किया गया था, लेकिन देश की 140 करोड़ जनता चट्टान की तरह मोदी के साथ खड़ी है और विपक्ष को कभी अपने मंसूबे में कामयाब नहीं होने देगी।

–आईएएनएस

एसटीपी/एबीएम

E-Magazine