संजय सिंह के जेल जाने से सुस्त पड़ी यूपी में आम आदमी पार्टी


लखनऊ, 14 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में अपने विस्तार को लेकर सक्रिय आम आदमी पार्टी (आप) सुस्त पड़ती दिखाई दे रही है। वजह संजय सिंह का जेल जाना माना जा रहा है। क्योंकि पार्टी को राज्य में सबसे ज्यादा एक्टिव करने में उनकी खास भूमिका थी।

जानकारों की मानें तो आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के जेल जाने से पार्टी में हो रही गतिविधियां धीमी हो गई है। लोकसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी ने कई कार्यक्रम बनाएं थे। लेकिन वह गति नहीं पकड़ पा रहे हैं।

आप के एक वरिष्ठ कार्यकर्ता ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी पूरी तैयारी कर रही थी। अचानक से यूपी के प्रभारी संजय सिंह को जेल भेज दिया गया। इससे पार्टी की कुछ गतिविधि धीमी हो गई है। कई प्रोग्राम रद्द करने पड़े हैं। कई दिनों तक पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष न होने से भी संगठन में फर्क पड़ा है। हालंकि कुछ न कुछ ऐसी गतिविधि होती रहती है जिससे पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ता रहे।

उन्होंने बताया कि संजय सिंह यूपी में आप को मजबूत बनाने के लिए लगातार जिलों का दौरा कर रहे थे। उनके जेल जाने के बाद संगठन विस्तार का काम कुछ धीमा हो गया है।

उन्होंने बताया कि हमारे संगठन के कारण ही इस बार नगर निकाय चुनाव में आप ने पिछले चुनाव के मुकाबले अच्छा प्रदर्शन किया। फिलहाल लोकसभा चुनाव की तैयारियां सुस्त हो गई हैं।

आप के अध्यक्ष सभाजीत सिंह कहते हैं कि अभी तक प्रांत की कमेटी भंग पड़ी थी। अभी राज्य में मेरी नियुक्ति हुई है। अब संगठन का विस्तार किया जायेगा। इसके लिए 16 नवंबर को अपनी कमेटी की बैठक बुलाई गई है। उसी में निर्णय होगा।

संजय सिंह के जेल जाने के बाद कार्यकर्ता दिल्ली धरने में शामिल होने जाने के कारण कई कार्य रद्द हो गए। बीच में त्योहार पड़ने के कारण भी कुछ काम धीमा रहा। 30 नवंबर तक संगठन विस्तार पर फोकस किया जा रहा है। ब्लॉक स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा।

–आईएएनएस

विकेटी/एसकेपी


Show More
Back to top button