ओडिशा में हाथी के हमले में किसान की मौत

ओडिशा में हाथी के हमले में किसान की मौत

ढेंकनाल, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। ओडिशा के ढेंकनाल जिले के ओडापाड़ा ब्लॉक में रविवार को एक जंगली हाथी ने एक किसान को कुचलकर मार डाला।

मृतक की पहचान रंजीत राउत के रूप में हुई है। मृतक ढेंकनाल में कांटाबानिया पुलिस सीमा के अंतर्गत मंगलपुर गांव का निवासी था।

एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने कहा, ”पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों का झुंड गांव और आसपास के इलाकों में फसलों को बर्बाद कर रहा है। रविवार सुबह 48 वर्षीय मृतक किसान हाथियों के झुंड से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए अपने गांव के पास स्थित अपने धान के खेत में जा रहा था। इसी दौरान एक हाथी ने अचानक राउत पर हमला कर दिया और उसे कुचल कर मार डाला। इस संबंध में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है।”

राज्य में मानव-हाथी संघर्ष के कारण हताहतों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। हाल ही में, वन और पर्यावरण मंत्री प्रदीप कुमार अमात ने राज्य विधानसभा को सूचित किया कि पिछले पांच वर्षों में हाथियों के हमलों में कुल 602 लोग मारे गए। हाथियों (पचीडर्म्स) ने इसी अवधि के दौरान 127 मवेशियों और अन्य घरेलू जानवरों को भी मार डाला है और 9611 घरों को नष्ट कर दिया है।

इस बीच, रविवार को राज्य के सुंदरगढ़ जिले के कोइरा वन रेंज में कथित तौर पर एक हाथी का शव पाया गया। मौत के पीछे की असली वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

जानकारी के मुताबिक, साल 2015 से साल 2023 के बीच राज्य में अलग-अलग कारणों से 698 हाथियों की मौत हो चुकी है।

–आईएएनएस

एफजेड/एसकेपी

E-Magazine