दक्षिण कोरिया: पूर्व प्रथम महिला किम गॉन-ही ने लग्जरी बैग मिलने तोहफे की बात स्वीकारी


सोल, 10 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया की पूर्व प्रथम महिला किम गॉन-ही ने सोमवार को स्वीकार किया कि उन्हें 2023 में सत्तारूढ़ पीपुल्स पावर पार्टी (पीपीपी) के सांसद किम गी-ह्योन की पत्नी से एक महंगा ‘रोजर वियर क्लच’ मिला था। हालांकि, उन्होंने कहा कि ये उपहार उन्हें सीधे नहीं दिया गया था और उस समय उन्हें इसके स्रोत की जानकारी नहीं थी।

योनहाप न्यूज एजेंसी ने बताया कि किम गॉन-ही ने यह बयान सोल सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में चल रही सुनवाई के दौरान दिया। सांसद किम गी-ह्योन और उनकी पत्नी पर आरोप है कि उन्होंने मार्च 2023 में पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में किम गी-ह्योन को समर्थन दिलाने के उद्देश्य से तत्कालीन प्रथम महिला को यह बैग उपहार में दिया था।

विशेष वकील मिन जोंग-की की टीम के सवाल पर किम गॉन-ही ने कहा कि शुरुआत में उन्हें बैग के बारे में पता नहीं था, लेकिन बाद में उन्हें इसकी जानकारी हुई। उन्होंने कहा कि बैग अप्रत्यक्ष रूप से पहुंचाया गया था और उन्होंने यह जानने की कोशिश नहीं की कि वह कहां से आया था।

पूर्व प्रथम महिला ने यह भी कहा कि उनके पास कपड़ों से मेल खाने वाले कई नकली डिजाइनर बैग थे। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने उन्हीं बैगों में रोजर वियर का बैग देखा था, तो उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा लगता है कि उन्होंने देखा था। हालांकि, बैग के साथ कथित तौर पर भेजे गए पत्र को देखने की बात उन्हें याद नहीं थी।

किम गॉन-ही, पूर्व राष्ट्रपति यून सुक योल की पत्नी हैं। यून को 2024 में मार्शल लॉ लागू करने के प्रयास के बाद पद से हटा दिया गया था। किम गॉन-ही पिछले साल अगस्त से हिरासत में हैं और उन पर रिश्वतखोरी, शेयर मूल्य में हेरफेर तथा प्रभाव के दुरुपयोग समेत कई आरोपों में मुकदमा चल रहा है।

सांसद किम गी-ह्योन और उनकी पत्नी पर भ्रष्टाचार-रोधी कानून के उल्लंघन का आरोप है। अभियोजन पक्ष का कहना है कि बैग राष्ट्रपति के आधिकारिक कर्तव्यों से जुड़े उद्देश्य के लिए दिया गया था।

–आईएएनएस

केआर/


Show More
Back to top button