इजरायल पर हमला करने से बच रहा है ईरान, जानता है अंजाम : नेतन्याहू


नई द‍िल्‍ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान कई देशों पर हमला कर रहा है लेकिन इजरायल पर सीधे हमला करने से बच रहा है क्योंकि उसे इजरायल की जवाबी कार्रवाई का डर है। नेतन्याहू ने साफ किया कि उनके रहते ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जाएगा।

नेतन्याहू ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर पोस्‍ट में ल‍िखा, ”आपने एक दिलचस्प बात जरूर नोट की होगी। ईरान इस क्षेत्र के लगभग सभी देशों पर हमला कर रहा है, बल्कि क्षेत्र के बाहर भी हमले कर रहा है, लेकिन एक देश ऐसा है जिस पर वह हमला नहीं कर रहा है, और वह है इजरायल। अब तक उसने हम पर हमला नहीं किया है। आगे कर सकता है, लेकिन इतने हफ्ते बीत जाने के बाद भी उसने ऐसा क्यों नहीं किया? क्योंकि उसे पता है कि अगर उसने हमला किया, तो हम उसे बहुत बड़ा और गंभीर जवाब देंगे।”

नेतन्याहू ने कहा क‍ि मैं यह इसलिए कह रहा हूं क्योंकि पिछले दो दिनों से इजरायल की कमजोरी और हर मोर्चे पर पीछे हटने को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैल रही हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि ये बातें वही लोग कर रहे हैं जो गाजा पट्टी से पूरी तरह निकल जाने, लेबनान में बिल्कुल न जाने और ईरान पर हमला न करने की सलाह देते रहे हैं।

उन्‍होंने कहा क‍ि मैं राष्ट्रपति ट्रंप की बहुत सराहना करता हूं। वे व्हाइट हाउस में हमारे एक अच्छे मित्र हैं। ईरान के परमाणु हथियार हासिल करने की कोशिशों के खिलाफ अमेरिका के साथ हमारी ऐतिहासिक साझेदारी की भी मैं सराहना करता हूं। मैं फिर से साफ करना चाहता हूं, समझौता हो या न हो, जब तक मैं प्रधानमंत्री हूं, ईरान परमाणु हथियार हासिल नहीं कर पाएगा। क्योंकि हमारे प्रिय देश, हम सबके देश इजरायल का अस्तित्व किसी भी तरह की बातचीत या सौदेबाजी का विषय नहीं है।

नेतन्याहू ने कहा क‍ि लेबनान को लेकर भी कई तरह की अफवाहें सुनने को मिल रही हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि हाल के दिनों में इजरायल ने लेबनान में मजबूती से कार्रवाई की है। आतंकवादियों को निशाना बनाया गया है, जिनमें अली ताहेर रिज क्षेत्र में मौजूद लोग भी शामिल हैं। मैं इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे सकता। हम इस समय एक बहुत महत्वपूर्ण अभियान चला रहे हैं। हम सोच-समझकर और समझदारी के साथ काम कर रहे हैं। इजरायल रक्षा बलों के साथ मिलकर हम दृढ़ता और समझदारी दोनों के साथ खतरों को खत्म कर रहे हैं।

उन्‍होंने कहा क‍ि जहां तक गाजा पट्टी का सवाल है, मैं सबसे पहले एक बात साफ कर देना चाहता हूं, जब तक मैं प्रधानमंत्री हूं, कोई भी फ‍िलिस्तीनी राज्य नहीं बनेगा। न गाजा में और न ही यहूदिया और सामरिया में। न ‘फतहस्तान’ और न ‘हमासस्तान’।उन्‍होंने कहा क‍ि हाल के दिनों में खबरों में जिन मुद्दों की चर्चा हो रही है, उन पर मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि इजरायल 15-सूत्रीय दस्तावेज को स्वीकार नहीं करता।

नेतन्याहू ने कहा कि मैंने लोगों को कहते सुना कि ‘आपने यह बात नहीं कही।’ इसलिए मैं फिर दोहरा रहा हूं: इजरायल 15-सूत्रीय दस्तावेज को खारिज करता है। जब तक हमास को पूरी तरह निशस्त्र नहीं किया जाता, तब तक इजरायली सेना कोई वापसी नहीं करेगी। जब मैं हमास को निशस्त्र करने की बात करता हूं, तो उसका मतलब है उसके सभी हथियार। भारी हथियार, हल्के हथियार, हर तरह के हथियार। हम वास्तविक निशस्त्रीकरण की बात कर रहे हैं, सिर्फ दिखावे की नहीं। इस मुद्दे पर हमारी अमेरिका के साथ बातचीत चल रही है। उनके पास कुछ ऐसे सुझाव हैं जो हमें स्वीकार हैं और कुछ ऐसे हैं जो स्वीकार नहीं हैं। हम जानते हैं कि अपने हितों पर मजबूती से कैसे कायम रहना है। हमने यह पहले भी साबित किया है और आज भी साबित कर रहे हैं। इसके अलावा, इजरायली सेना हमारे सैनिकों और नागरिकों के खिलाफ किसी भी खतरे को रोकने की कार्रवाई जारी रखेगी।

उन्‍होंने कहा क‍ि इजरायल का अस्तित्व और उसके सभी नागरिकों की सुरक्षा किसी भी तरह की बातचीत का विषय नहीं है। हम इन हितों पर मजबूती से डटे हुए हैं। हम यह काम सिर्फ बयानबाजी या प्रचार के लिए नहीं कर रहे, बल्कि जमीनी स्तर पर कर रहे हैं। हमने यह तब साबित किया जब हम रफा और फिलाडेल्फी कॉरिडोर में गए, जब हम लेबनान में दाखिल हुए और वहां नसरल्लाह तथा रॉकेट भंडार को खत्म किया, और जब हमने ईरान पर दो बार हमला किया।

उन्‍होंने कहा क‍ि जो लोग हमें लगातार सलाह देते रहते हैं, उनके विपरीत हम वही करते हैं जो इजरायल की सुरक्षा के लिए जरूरी होता है। और जरूरत पड़ने पर हम अपने सबसे करीबी दोस्तों के सामने भी अपने रुख पर मजबूती से खड़े रहना जानते हैं।

–आईएएनएस

एवाई/पीएम


Show More
Back to top button