भारत-श्रीलंका टेस्ट मुकाबलों में सर्वाधिक विकेट लेने वाले 5 गेंदबाज, लिस्ट में चार भारतीय शामिल


नई दिल्ली, 7 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत 15 अगस्त से होनी है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ अपने दमदार रिकॉर्ड को इस सीरीज में भी बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। आइए आपको उन पांच गेंदबाजों के नाम बताते हैं, जिन्होंने भारत-श्रीलंका के बीच हुए टेस्ट मुकाबलों में सबसे ज्यादा विकेट निकाले हैं।

मुथैया मुरलीधरन: टेस्ट क्रिकेट में 800 विकेट लेने वाले इकलौते गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए टेस्ट मुकाबलों में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। मुरलीधरन ने भारत के खिलाफ खेले 22 टेस्ट में कुल 105 विकेट निकाले हैं। इस दौरान वह 7 बार एक पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा भी कर चुके हैं।

अनिल कुंबले: भारत की तरफ से श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अनिल कुंबले के नाम दर्ज है। कुंबले ने श्रीलंका के खिलाफ खेले 18 टेस्ट मैचों में कुल 74 विकेट चटकाए। उन्होंने 4 बार एक पारी में 5 विकेट निकाले हैं। कुंबले का गेंदबाजी औसत 31.20 का रहा है।

आर अश्विन: भारत और श्रीलंका के बीच हुए टेस्ट मुकाबलों में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में आर अश्विन तीसरे नंबर पर काबिज हैं। अश्विन ने 11 टेस्ट मुकाबलों में श्रीलंका के खिलाफ 62 विकेट चटकाए। वह 3 बार एक पारी में 5 विकेट निकाल चुके हैं और श्रीलंका के खिलाफ 46 रन देकर 6 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।

हरभजन सिंह: श्रीलंका के खिलाफ 16 टेस्ट मैचों में 53 विकेट लेकर हरभजन सिंह इस लिस्ट में चौथे नंबर पर मौजूद हैं। हरभजन का इस दौरान गेंदबाजी औसत 39.77 का रहा और उन्होंने 2 बार एक ही पारी में श्रीलंका के पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। हरभजन ने श्रीलंका के खिलाफ 62 रन देकर 7 विकेट चटकाए हैं, जो उनका बेस्ट प्रदर्शन भी है।

कपिल देव: भारत को पहला विश्व कप दिलाने वाले कप्तान कपिल देव को अपने करियर के दौरान श्रीलंका के खिलाफ गेंदबाजी करना खूब रास आया। उन्होंने 14 टेस्ट मुकाबलों में 26.55 की औसत से 45 विकेट निकाले। 110 रन देकर 5 विकेट कपिल देव का श्रीलंका के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।

–आईएएनएस

एसएम/एएस


Show More
Back to top button