‘कांग्रेस एकजुट’: मुलाकात के बाद शिवकुमार ने असहमति की आशंका को खारिज किया


बेंगलुरु, 5 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बुधवार को हालिया मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सत्तारूढ़ कांग्रेस में असंतोष की खबरों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि पार्टी एकजुट है और असंतुष्ट नेताओं के साथ हुई बातचीत सकारात्मक माहौल में हुई।

शिवकुमार की यह टिप्पणी वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एम. कृष्णप्पा और उनके बेटे, गोविंदराजनगर विधायक प्रिया कृष्णा से बेंगलुरु के विजयनगर स्थित उनके आवास पर हुई मुलाकात के बाद आई है। कृष्णप्पा को मंत्री पद न दिए जाने को लेकर पार्टी में असंतोष था। शिवकुमार ने पत्रकारों से मुलाकात के बाद कहा कि पार्टी में कोई असंतुष्ट नहीं है। यह एक स्वस्थ चर्चा थी। हमें अपने नेताओं का ख्याल रखना होगा, हमें जिम्मेदारियां बांटनी होंगी और रणनीति बनानी होगी। असंतुष्ट होने का कोई सवाल ही नहीं है। असंतुष्ट कहां है? सब कुछ ठीक है, कोई समस्या नहीं है।

मुख्यमंत्री ने निराश विधायकों को ‘योग्य, वरिष्ठ और निष्ठावान नेता’ बताते हुए कहा कि नेतृत्व ने केवल मंत्रिमंडल विस्तार से संबंधित परिस्थितियों को स्पष्ट करने का प्रयास किया है।

कर्नाटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र द्वारा कांग्रेस के भीतर के घटनाक्रमों की आलोचना का जवाब देते हुए शिवकुमार ने विपक्ष के नेता से सीधे बातचीत करने से इनकार कर दिया।

उन्होंने कहा कि मैं विजयेंद्र को कुछ भी जवाब नहीं देना चाहता। उन्हें पहले खुद को सुधारने दीजिए। उन्हें अपने घर को व्यवस्थित करने दीजिए। एमएलसी चुनाव में हार ने उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

बैठक के बाद बोलते हुए एम. कृष्णप्पा ने कहा कि मुख्यमंत्री और सुरजेवाला ने मंत्रिमंडल गठन में हुई गलती को स्वीकार किया है और उन्हें आश्वासन दिया है कि इसे सुधारा जाएगा।

कृष्णप्पा ने कहा कि मुख्यमंत्री और सुरजेवाला आए और मुझसे कहा कि कुछ गलती हुई है और वे इसे ठीक कर देंगे। यह उन पर निर्भर है।

प्रिया कृष्णा ने भी बैठक को सकारात्मक बताया और कहा कि चर्चा उनके पिता को मंत्रिमंडल से बाहर रखे जाने के मुद्दे पर केंद्रित थी।

उन्होंने कहा कि यह मेरे पिता की मंत्रिमंडल के लिए उम्मीदवारी के बारे में थी। उन्होंने कहा है कि गलती हुई है और वे इसे जल्द से जल्द सुधारेंगे। यह पार्टी पर निर्भर है।

कांग्रेस के प्रति अपनी निष्ठा दोहराते हुए प्रिया कृष्णा ने कहा कि न तो वह और न ही उनके पिता दबाव बनाने की रणनीति अपनाएंगे।

–आईएएनएस

एमएस/


Show More
Back to top button