फ्रांस के शहर वैलेंस में सरेराह अंधाधुंध फायर‍िंग, छह लोग घायल, हमलावर की तलाश जारी


पेरिस, 5 अगस्त (आईएएनएस)। फ्रांस के दक्षिण-पूर्वी शहर वैलेंस में मंगलवार रात हुई एक युवक की फायर‍िंग में छह लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। फ्रांसीसी मीडिया ने बुधवार को बताया क‍ि घटना स्थानीय समयानुसार रात करीब 10:30 बजे हुई। एक हमलावर ने असॉल्ट राइफल से लोगों के एक समूह पर अंधाधुंध फायर‍िंग कर दी। इसके बाद वह एक वाहन में बैठकर मौके से फरार हो गया।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, घायलों में पांच युवक और एक युवती शामिल हैं, जिनकी उम्र 15 से 22 वर्ष के बीच है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हमलावर अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी पहचान और हमले के पीछे की वजह का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है। बाद में घटनास्थल से कुछ किलोमीटर दूर एक जली हुई गाड़ी बरामद हुई, जिसके बारे में माना जा रहा है कि उसका इस्तेमाल इसी हमले में किया गया था।

इससे पहले 27 जुलाई को पेरिस में चाकू से किए गए हमले में तीन लोग घायल हो गए थे और एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया था।

यह हमला पेरिस के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में हुआ, जहां दो रसोई वाले चाकुओं से लैस एक व्यक्ति ने सड़क पर राह चलते लोगों पर हमला कर दिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से दो की हालत गंभीर थी।

संदिग्ध को मौके पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने गिरफ्तार कर लिया, जो उस समय ड्यूटी पर नहीं था। फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने मीडिया को बताया कि आरोपी ने केवल अपनी बताई हुई पहचान दी थी और वह ‘उलझी हुई तथा अस्पष्ट बातें’ कर रहा था।

घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। एक वीडियो में देखा गया कि जब आरोपी को काबू किया जा रहा था, तब उसने धार्मिक टिप्पणी की। वीडियो में जमीन पर लेटे हुए आरोपी को यह कहते हुए सुना गया, “यह अल्लाह का आदेश था।”

यह घटना जर्मनी में एक दिन पहले हुई एक अन्य हमले के तुरंत बाद सामने आई।

जर्मनी की राजधानी बर्लिन में टियरगार्टन पार्क के पास एक वैन भीड़ में घुसा दी गई। इसके बाद चालक ने राहगीरों पर एक ऐसे हथियार से हमला किया। इस हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 29 अन्य लोग घायल हो गए।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी


Show More
Back to top button