अमेरिका ने राजनयिक विवाद के चलते रद्द दिया ब्राजील की राजदूत मारिया लुइजा विओटी का वीजा


वाशिंगटन, 5 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका और ब्राजील के बीच कूटनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। इसी कड़ी में अमेरिका ने ब्राजील की राजदूत मारिया लुइजा विओटी का वीजा रद्द कर दिया है।

अमेरिकी मीडिया ने एक रिपोर्ट में कहा है कि यह कदम पिछले महीने ब्राजील की ओर से दो अमेरिकी राजनयिकों को वीजा देने से इनकार करने और ब्राजील में अमेरिकी राजदूत के लिए ट्रंप प्रशासन के उम्मीदवार की नियुक्ति को मंजूरी न देने के जवाब में उठाया गया है।

जून की शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डेनियल पेरेज को ब्राजील में अगला अमेरिकी राजदूत नामित किया था। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सीनेट ने अभी तक उनके नामांकन की पुष्टि नहीं की है और जब तक ब्राजील इस नियुक्ति को मंजूरी नहीं देता, तब तक वे यह पद नहीं संभाल सकते हैं।

अमेरिकी मीडिया ने विदेश विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से कहा कि अगर यह विवाद सुलझ जाता है तो ब्राजील की राजदूत का वीजा बहाल कर दिया जाएगा।

ब्राजील के विदेश मंत्रालय ने ब्राजीलियाई मीडिया आउटलेट ग्लोबोन्यूज को अमेरिका के इस कदम की पुष्टि की। रिपोर्ट के अनुसार, जब विओटी को वीजा रद्द होने की सूचना मिली, तो वह ब्राजील में थीं।

गौरतलब है कि हाल के हफ्तों में वाशिंगटन ने ब्राजीलियाई अधिकारियों पर नए वीजा प्रतिबंधों की घोषणा की। उसने ब्राजील के सुप्रीम फेडरल कोर्ट के हाई-प्रोफाइल न्यायिक जांच से जुड़े फैसलों की आलोचना भी की।

फिलहाल, दोनों देशों के बीच तनाव व्यापार मोर्चे पर भी बढ़ा है। अमेरिका ने ब्राजील के उत्पादों पर नए टैरिफ लगाने की घोषणा की है। वहीं, ब्राजील ने कहा है कि वह कूटनीतिक वार्ता के जरिए और जरूरत पड़ने पर विश्व व्यापार संगठन के माध्यम से अपने हितों की रक्षा करेगा।

इससे पहले जुलाई में ब्राजील ने अमेरिकी विदेश विभाग के दो अधिकारियों के वीजा आवेदनों को खारिज कर दिया था। ब्राजील को आशंका थी कि उन दोनों अधिकारियों की यात्रा देश की चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाने वाले समूहों की मदद कर सकती है।

ये अधिकारी विदेश विभाग के लोकतंत्र, मानवाधिकार और श्रम ब्यूरो के सहायक सचिव राइली एम. बार्न्स और उसी ब्यूरो के उप सहायक सचिव सैमुअल सैमसन थे।

रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों ने 20 जुलाई को ब्राजीलियाई सरकार को अपने वीजा आवेदन सौंपे थे। दोनों अधिकारी पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे और राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार फ्लेवियो बोल्सोनारो व ब्राजील की सुपीरियर इलेक्टोरल कोर्ट के अधिकारियों और दक्षिणपंथी नेताओं से मिलने की योजना बना रहे थे।

ब्राजील के विदेश कार्यालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि बार्न्स और सैमसन ने 20 जुलाई को वीजा के लिए अनुरोध किया था और उन्हें वीजा देने से इनकार कर दिया गया।

ट्रंप प्रशासन ने हजारों ब्राजीलियाई निर्यात उत्पादों पर 37.5 प्रतिशत तक टैरिफ भी बढ़ा दिया। वाशिंगटन ने कहा कि इन उपायों का उद्देश्य अनुचित व्यापार प्रथाओं और जबरन मजदूरी को रोकने में ब्राजील की विफलता से निपटना था। लूला प्रशासन ने दोनों आरोपों को खारिज कर दिया और टैरिफ को ब्राजील के राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने की कोशिश बताया।

–आईएएनएस

डीसीएच/


Show More
Back to top button