वत्सल सेठ : एक दोस्त की मां की सलाह ने बदली किस्मत, सॉफ्टवेयर इंजीनियर की जगह बने अभिनेता


मुंबई, 4 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेता वत्सल सेठ ने बॉलीवुड और टेलीविजन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। एक समय ऐसा था, जब उन्होंने सोचा भी नहीं था कि वह अभिनय की दुनिया में करियर बनाएंगे। उनका सपना सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने का था, लेकिन एक मामूली सलाह ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी। यही वजह है कि आज वत्सल सेठ को टीवी और फिल्मों के ऐसे कलाकार के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने छोटे से लेकर बड़े पर्दे तक अपनी अलग पहचान बनाई।

वत्सल सेठ का जन्म 5 अगस्त 1980 को मुंबई में एक गुजराती परिवार में हुआ था। उनकी शुरुआती पढ़ाई मुंबई के स्कूलों में हुई और बाद में उन्होंने मिथिबाई कॉलेज से गणित में स्नातक की पढ़ाई की। पढ़ाई के दौरान उन्हें कंप्यूटर और प्रोग्रामिंग में काफी रुचि थी। उनका सपना सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने का था। उस समय उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि आगे चलकर कैमरे के सामने उनकी अलग पहचान बनेगी।

वत्सल की जिंदगी में बड़ा मोड़ तब आया, जब उनके एक दोस्त की मां ने उन्हें ऑडिशन देने की सलाह दी। वह सिर्फ एक बार किस्मत आजमाने के लिए ऑडिशन देने पहुंचे थे। उसी ऑडिशन में उन्हें सोनी टीवी के लोकप्रिय शो ‘जस्ट मोहब्बत’ में जय का किरदार मिल गया। साल 1996 में शुरू हुए इस शो ने उन्हें घर-घर पहचान दिलाई। लोगों का प्यार देख उन्होंने अपने सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने के सपने को पीछे छोड़ दिया और अभिनय में करियर बनाने का फैसला लिया।

करीब चार साल तक टीवी पर काम करने के बाद वत्सल ने बड़े पर्दे का रुख किया। साल 2004 में उनकी पहली फिल्म ‘टार्जन: द वंडर कार’ रिलीज हुई। इस फिल्म में उन्होंने राज चौधरी का मुख्य किरदार निभाया। इस फिल्म में अजय देवगन उनके पिता की भूमिका में और आयशा टाकिया उनकी को-स्टार थीं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और लोगों ने उनके अभिनय को पसंद किया।

इसके बाद वत्सल ने ‘नन्हें जैसलमेर’, ‘हीरोज’, ‘पेइंग गेस्ट’, ‘होस्टल’, ‘जय हो’, ‘मलंग’ और ‘आदिपुरुष’ जैसी फिल्मों में काम किया, लेकिन साल 2023 में रिलीज हुई ‘आदिपुरुष’ में उन्होंने इंद्रजीत का किरदार निभाकर एक बार फिर दर्शकों का ध्यान खींचा।

फिल्मों के साथ-साथ वत्सल ने टेलीविजन पर भी अपनी मजबूत पहचान बनाई। साल 2014 में आए धारावाहिक ‘एक हसीना थी’ में उन्होंने शौर्य गोयनका का नकारात्मक किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। इसके बाद ‘रिश्तों का सौदागर : बाजीगर’, ‘हासिल’, ‘ये रिश्ते हैं प्यार के’, ‘राधाकृष्ण’, ‘नागिन 6’ और अन्य कई टीवी शो में अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं। छोटे पर्दे पर उनकी वापसी सफल रही और उन्होंने साबित किया कि वह सिर्फ फिल्मों तक सीमित कलाकार नहीं हैं।

वत्सल की निजी जिंदगी भी अक्सर चर्चा में रही। साल 2016 में ‘रिश्तों का सौदागर : बाजीगर’ के सेट पर उनकी मुलाकात अभिनेत्री इशिता दत्ता से हुई। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 28 नवंबर 2017 को मुंबई के इस्कॉन मंदिर में शादी कर ली। आज दोनों दो बच्चों के माता-पिता हैं और सोशल मीडिया पर अक्सर अपने परिवार की झलक साझा करते रहते हैं।

साल 2018 में उन्हें टीवी शो ‘हासिल’ में उनके अभिनय के लिए लायंस गोल्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा साल 2020 में उनका नाम द टाइम्स मोस्ट डिजायरेबल मेन की सूची में भी शामिल हुआ था।

–आईएएनएस

पीके/एबीएम


Show More
Back to top button