'अनुपमा' की राही बोलीं, शोबिज की दुनिया में सच्चे रिश्ते बनाना आसान नहीं


मुंबई, 2 अगस्त (आईएएनएस)। टीवी अभिनेत्री अद्रिजा रॉय इन दिनों लोकप्रिय सीरियल ‘अनुपमा’ में राही के किरदार से दर्शकों का दिल जीत रही हैं। आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में उन्होंने दोस्ती और रिश्तों को लेकर अपने अनुभव साझा किए। अद्रिजा का कहना है कि शोबिज की दुनिया में सच्चे रिश्ते बनाना आसान नहीं होता। इस इंडस्ट्री में हर कोई अपने काम और सफलता के लिए लगातार मेहनत करता है, जिसकी वजह से भरोसे और गहरी दोस्ती के लिए समय निकालना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

आईएएनएस से बात करते हुए अद्रिजा ने कहा, ”इंडस्ट्री में मेरे ज्यादा दोस्त नहीं हैं। ऐसा नहीं है कि यहां अच्छे और सच्चे लोग नहीं मिलते, लेकिन ऐसे लोगों को ढूंढना थोड़ा मुश्किल जरूर है। यहां का माहौल काफी प्रतिस्पर्धी है और किसी भी इंसान पर भरोसा करने में समय लगता है। असली दोस्ती के लिए ईमानदारी, लगातार साथ और आपसी सम्मान बहुत जरूरी होता है।”

अद्रिजा ने कहा, “मेरे लिए यह मायने नहीं रखता कि मेरे कितने दोस्त हैं, बल्कि यह मायने रखता है कि वे कितने अच्छे और खास हैं। मेरा फ्रेंड सर्कल छोटा है। मेरे ज्यादातर करीबी दोस्त कोलकाता में हैं और वे मेरे बचपन के दोस्त हैं। वे सभी मुझे उस समय से जानते हैं, जब एक्टिंग मेरी जिंदगी का हिस्सा नहीं थी। उनके साथ मैं पूरी तरह खुद जैसी रह सकती हूं।”

फ्रेंडशिप डे के मौके पर अद्रिजा ने अपनी खास दोस्त रिम्पा के बारे में भी बात की, जो उनके जीवन के हर मुश्किल दौर में उनके साथ खड़ी रहीं। अभिनेत्री ने बताया कि कुछ रिश्ते समय के साथ दोस्ती से आगे बढ़कर परिवार जैसे बन जाते हैं। रिम्पा के साथ उनका रिश्ता भी कुछ ऐसा ही है।

अद्रिजा ने कहा, ”वह मेरी दोस्त से ज्यादा मेरी बहन जैसी है। हम साथ बड़े हुए हैं और मेरी जिंदगी के कुछ सबसे कठिन समय में उसने मेरा साथ कभी नहीं छोड़ा। उसे हमेशा सही शब्द कहने या मेरी परेशानियां दूर करने की जरूरत नहीं थी, लेकिन वह हमेशा मेरे साथ रही। उसका प्यार, समर्थन और मुझ पर विश्वास मेरे लिए बहुत मायने रखता है।”

अभिनेत्री ने बताया, ”व्यस्त शूटिंग शेड्यूल के बीच दोस्ती को बनाए रखने के लिए लगातार कोशिश करनी पड़ती है। रिश्तों को मजबूत रखने के लिए हमेशा बड़े कदम उठाने की जरूरत नहीं होती। कई बार एक छोटा फोन कॉल, वीडियो चैट या एक प्यारा सा मैसेज भी दोस्त को यह एहसास दिलाने के लिए काफी होता है कि वह आपकी जिंदगी में खास जगह रखता है।”

–आईएएनएस

पीके/वीसी


Show More
Back to top button