सीडब्ल्यूजी 2026: अरुंधति चौधरी का 'गोल्डन पंच', लवलीना के नाम सिल्वर

ग्लासगो, 1 अगस्त (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में बॉक्सर अरुंधति चौधरी (महिला 70 किलोग्राम वर्ग) ने गोल्ड और लवलीना बोरगोहेन (महिला 75 किलोग्राम वर्ग) ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसी के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के गोल्ड मेडल की संख्या 11 तक पहुंच गई है। कुल 35 मेडल के साथ भारत चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में बॉक्सिंग की बाउट नंबर-183 में अरुंधति चौधरी ने इंग्लैंड की चैंटेल रीड के खिलाफ 5-0 से शानदार जीत हासिल की। शनिवार को एसईसी हॉल-5 में खेले गए इस मैच के पहले राउंड में 5 में से 4 जजों ने अरुंधति को 10-10 अंक दिए। इसके बाद अगले राउंड में सभी जजों को प्रभावित करते हुए 10-10 अंक हासिल किए। तीसरे राउंड में भी सभी जजों ने अरुंधति के पक्ष में निर्णय दिया।
इसके बाद, बाउट नंबर-184 में भारत की लवलीना बोरगोहेन को ऑस्ट्रेलिया की एम्मा-सू ग्रीनट्री ने 4-1 के स्प्लिट डिसीजन से हराया। पहले राउंड में ऑस्ट्रेलियाई बॉक्सर ने अपना दमखम दिखाते हुए 4 जजों से 10-10 अंक हासिल किए। इसके बाद लवलीना ने शानदार कमबैक करते हुए दूसरे राउंड को 4-1 से अपने पक्ष में किया। तीसरे राउंड में 4 जजों ने एम्मा के पक्ष में 10-10 अंक दिए, जिसके साथ लवलीना को सिल्वर मेडल के साथ संतोष करना पड़ा है।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शनिवार को प्रीति पवार ने महिलाओं की 54 किलोग्राम प्रतियोगिता में कनाडा की स्कार्लेट सवाना डेलगाडो के खिलाफ 5-0 से मात देकर गोल्ड मेडल हासिल किया। इसके बाद महिलाओं के 57 किलोग्राम भार वर्ग में जैस्मिन लंबोरिया ने नॉर्दन आयरलैंड की माइकेला वाल्श को 5-0 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया, लेकिन जादुमणी सिंह को ऑस्ट्रेलिया के जाई डिक्सन के खिलाफ 0-5 से हारकर सिल्वर से संतोष करना पड़ा।
साक्षी ने 51 किलोग्राम वर्ग के खिताबी मैच में इंग्लैंड की रूबी व्हाइट के खिलाफ 5-0 से जीत मात देकर इस खेल में भारत को तीसरा गोल्ड दिलाया। अगले मुकाबले में प्रिया घणघस ने कनाडा की मैरी-बथूल अल-अहमदियेह को 4-1 से मात देकर मेडल टैली में भारत के लिए एक और गोल्ड जोड़ा।
भारत ने बॉक्सिंग में कुल 7 मेडल हासिल कर लिए हैं। इनमें 5 गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल है। 11 गोल्ड, 16 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज मेडल के साथ भारत मेडल टैली में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
–आईएएनएस
आरएसजी