पाकिस्तान में मानसून का कहर जारी, हादसों में 11 की मौत, अब तक 97 लोगों ने गंवाई जान


इस्लामाबाद, 26 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान में मानसून के दौरान मरने वालों की संख्या बढ़कर 97 हो गई है। नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (एनडीएमए) के मुताबिक, बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में 11 और लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं।

ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वी पंजाब प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। यहां सात लोगों की मौत हुई और 20 लोग घायल हुए।

दक्षिणी सिंध में दो लोगों की जान गई और दो लोग घायल हुए। वहीं उत्तर-पश्चिम के खैबर पख्तूनख्वा (केपी) प्रांत और पाकिस्तान के कब्जे वाले गिलगित-बाल्टिस्तान (पीओजीबी) में एक-ए‍क व्यक्ति की मौत हुई। खैबर पख्तूनख्वा में तीन लोग घायल भी हुए हैं।

एनडीएमए ने बताया कि 26 जून से शुरू हुए मानसून सीजन के बाद से अब तक कुल 297 लोग घायल हो चुके हैं।

बारिश के इस नए दौर में 22 घरों को नुकसान पहुंचा और आठ पालतू जानवरों की भी मौत हो गई। इसके साथ ही पूरे मानसून सीजन में अब तक 447 घर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और 269 पालतू जानवरों की मौत हो चुकी है।

एनडीएमए ने खास तौर पर संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा सलाह का पालन करने की अपील की है, क्योंकि देश के कई हिस्सों में अभी भी मानसून की बारिश जारी है।

इस बीच, स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बारिश से जुड़े हादसों में दो बच्चों समेत कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हुए हैं।

प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) के मुताबिक, भारी बारिश की वजह से कई घरों को नुकसान पहुंचा और पालतू जानवरों की भी मौत हुई।

पाकिस्तान के अखबार डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, मौतों की वजह डूबना और इमारतों के गिरने जैसी घटनाएं रहीं। वहीं ज्यादातर लोग छत गिरने और करंट लगने से घायल हुए।

लाहौर में गढ़ी शाहू रेलवे कॉलोनी, बॉबी प्लाजा, सग्गियां पिंड और काहना में छत गिरने की चार अलग-अलग घटनाओं में एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इन हादसों में पांच अन्य लोग घायल हुए।

पंजाब के कसूर जिले में अड्डा ढिंग शाह के पास एक घर की छत गिरने से एक पुरुष और एक बच्चे की मौत हो गई। इस हादसे में एक महिला और दो बच्चों समेत तीन अन्य लोग घायल हुए।

फैसलाबाद में भारी बारिश के कारण एक घर की छत गिरने से एक महिला की जान चली गई। वहीं गुजरांवाला के पठान कॉलोनी के पास खेतों में जमा बारिश के पानी में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी


Show More
Back to top button