मनीला में जयशंकर ने ओमान के विदेश मंत्री से की मुलाकात, खाड़ी के हालात पर हुई चर्चा


मनीला, 23 जुलाई (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुरुवार को मनीला में ‘आसियान’ से जुड़े कार्यक्रमों के दौरान ओमान के विदेश मंत्री सैयद बद्र बिन हमद अल बुसैदी से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों नेताओं ने खाड़ी क्षेत्र के हालिया घटनाक्रम पर चर्चा की।

बैठक के बाद एस. जयशंकर ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “मनीला में ओमान के विदेश मंत्री सैयद बद्र बिन हमद अल बुसैदी से मुलाकात करके खुशी हुई। हमने खाड़ी क्षेत्र के हालिया हालात पर अपने विचार साझा किए और आगे भी संपर्क में रहने पर सहमति बनी।”

यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच हालिया सैन्य कार्रवाई के बाद पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है।

इससे पहले दिन में जयशंकर ने नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भारत और नीदरलैंड के रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा मिलने के बाद दोनों देशों के बीच नए क्षेत्रों में सहयोग के मौके बढ़े हैं। इनमें सेमीकंडक्टर, जल संसाधन, ग्रीन हाइड्रोजन, स्वास्थ्य और संस्कृति जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

जयशंकर ने ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया नीदरलैंड यात्रा के नतीजों पर विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन के साथ चर्चा हुई। रणनीतिक साझेदारी बनने के बाद सेमीकंडक्टर, जल संसाधन, ग्रीन हाइड्रोजन, स्वास्थ्य और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते खुले हैं।”

इसके अलावा जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र की फिलिस्तीनी शरणार्थियों के लिए काम करने वाली एजेंसी यूएनआरडब्ल्यूए के कार्यवाहक आयुक्त-जनरल क्रिश्चियन सॉन्डर्स से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने स्वास्थ्य और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में हाल ही में हुए डोनर्स कॉन्फ्रेंस में भारत की ओर से किए गए योगदान और वादों पर चर्चा की।

जयशंकर फिलीपींस के आधिकारिक दौरे पर हैं, जहां वह आसियान के तहत विदेश मंत्रियों की बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं।

गुरुवार सुबह उन्होंने 21वें ईस्ट एशिया समिट (ईएएस) में हिस्सा लिया और इसके बाद फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर से भी मुलाकात की। इस दौरान जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं और आसियान की अध्यक्षता के लिए भारत का समर्थन भी दोहराया।

उन्होंने कहा कि भारत और फिलीपींस के बीच रणनीतिक साझेदारी के तहत दोनों देशों का सहयोग लगातार नए क्षेत्रों तक फैल रहा है।

जयशंकर ने ‘एक्स’ पर लिखा, “फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर से मुलाकात करके सम्मानित महसूस किया। मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं पहुंचाईं और आसियान की सफल अध्यक्षता के लिए भारत का पूरा समर्थन जताया।”

उन्होंने आगे कहा, “भारत-फिलीपींस रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है और हम भारत-फिलीपींस कार्ययोजना 2025-2029 को मिलकर लागू कर रहे हैं।”

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी


Show More
Back to top button