मऊ में गोतस्कर और पुलिस के बीच मुठभेड़, इनामी बदमाश के पैर में लगी गोली, जिला अस्पताल में भर्ती


मऊ, 22 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में पुलिस और एक वांछित गोतस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पहले कोपागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान ढेला राम के रूप में हुई है। वह मुकदमा अपराध संख्या 106/26 में गैंगस्टर अधिनियम के तहत वांछित और इनामी अपराधी है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वह कटवा से इंदारा स्टेशन की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी और आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा।

हालांकि, पुलिस का दावा है कि ढेला राम ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए सीएचसी कोपागंज पहुंचाया, जहां से उसे सदर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि ढेला राम शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ मऊ के अलावा बलिया जिले के सिकंदरपुर थाने में भी गैंगस्टर अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस, जिनमें एक खोखा भी शामिल है, बरामद किया है। मौके पर फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया है, ताकि साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जा सके।

वहीं, जिला अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि उनके पास लाए गए घायल का नाम ढेला है। उसके पिता का नाम नसीर है और वह कोपागंज का रहने वाला है। डॉक्टर के अनुसार, आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसकी हालत फिलहाल अच्छी है और अस्पताल में भर्ती कर उसका इलाज जारी है।

–आईएएनएस

वीकेयू/एएस


Show More
Back to top button