बुद्धिमान एजेंटों पर वैश्विक सहयोग बढ़ाने के लिए नई पहल जारी


बीजिंग, 18 जुलाई (आईएएनएस)। पूर्वी चीन के शांगहाई में आयोजित 2026 विश्व कृत्रिम बुद्धिमत्ता सम्मेलन (डब्ल्यूएआईसी) और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के वैश्विक शासन पर उच्च स्तरीय बैठक के दौरान, चीन के राष्ट्रीय इंटरनेट सूचना कार्यालय ने विभिन्न पक्षों के साथ मिलकर ‘बुद्धिमान एजेंटों के आपसी विश्वास, अंतर्संबंध और अंतःसंचालनीयता पर वैश्विक सहयोग पहल’ जारी की।

बताया गया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के युग में बुद्धिमान एजेंट सबसे परिवर्तनकारी तकनीकों में से एक बनकर उभरे हैं। इनके बीच आपसी विश्वास, अंतर्संबंध और अंतःसंचालनीयता का स्तर वैश्विक डिजिटल अर्थव्यवस्था के एकीकरण और मानव समाज के भविष्य पर गहरा प्रभाव डालता है।

इस पहल का उद्देश्य सतत विकास को बढ़ावा देना, डिजिटल और बुद्धिमत्ता की खाई को कम करना, सभी पक्षों के बीच सहमति बनाना और वैश्विक भागीदारों के साथ मिलकर एक खुला, भरोसेमंद, सुरक्षित और समावेशी बुद्धिमान एजेंट पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करना है।

इस पहल में तकनीकी अनुसंधान एवं विकास को मजबूत कर सहयोग आधारित नवाचार को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया है। साथ ही, पारिस्थितिकी तंत्र की बाधाओं को दूर करने के लिए मानकों की पारस्परिक मान्यता को बढ़ावा देने, अंतर्संबद्धता और पहुंच सुनिश्चित करने के लिए साझा बुनियादी ढांचे का निर्माण करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में एआई अनुप्रयोगों के उपयोग और प्रदर्शन को तेज करने पर जोर दिया गया है।

इसके अलावा, वैश्विक औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने, साझा सुरक्षा ढांचा विकसित करने, नैतिक सिद्धांतों का पालन करने, डेटा प्रवाह को बढ़ावा देने के साथ-साथ साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने, संसाधनों के साझाकरण के जरिए डिजिटल विभाजन को कम करने, विविध शासन व्यवस्थाओं का सम्मान करने और डिजिटल साक्षरता बढ़ाकर सभी के लिए एआई के लाभ सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया गया है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

–आईएएनएस

एबीएम/


Show More
Back to top button