तेलंगाना में कई हत्याओं से सनसनी, आरोपी फरार

हैदराबाद, 11 जुलाई (आईएएनएस)। तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। यहां एक 35 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों की हत्या कर दी। इसके बाद उसने उस नाबालिग लड़की और उसके परिवार के दो अन्य सदस्यों को भी निशाना बनाया, जिसने पहले उसके खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था।
वारदात को अंजाम देकर फरार हुए आरोपी का सुराग लगाने के लिए पुलिस ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है।
जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी राजकुमार ने कथित तौर पर शुक्रवार रात शबाद स्थित अपने घर में अपनी 30 वर्षीय पत्नी पार्वती सरिता और अपने चार साल व एक साल के दो बेटों की हत्या कर दी। यहीं से इस वारदात की शुरुआत हुई।
पुलिस ने बताया कि हत्याओं के बाद, राजकुमार कथित तौर पर उस 17 साल की लड़की के घर गया, जिसने इस साल मई में उसके खिलाफ ‘प्रोटेक्शन ऑफ़ चिल्ड्रन फ़्रॉम सेक्सुअल ऑफ़ेंसेज़’ (पोस्को) एक्ट के तहत शिकायत दर्ज कराई थी। जांच करने वालों का मानना है कि वह उस लड़की को ज़बरदस्ती अपनी कार में एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी गई।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, आरोपी पर किशोरी की 45 वर्षीय मां और 65 वर्षीय नानी की उनके घर में हत्या करने का भी आरोप है। घटना के समय किशोरी की 20 वर्षीय दिव्यांग बहन भी घर में मौजूद थी, लेकिन उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, वारदात के बाद राजकुमार ने अपने पिता को फोन किया और कथित तौर पर हत्याओं की बात कबूल की। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। यह भी बताया जा रहा है कि उसने आत्महत्या करने की बात कही थी। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि इस दावे की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
आरोपी का पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं और अधिकारियों का कहना है कि कई सुरागों पर काम किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, राजकुमार और पार्वती ने वर्ष 2018 में प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों शाबाद और देवालागुडा में रहने लगे। उनके तीन बच्चे थे। लेकिन, उनकी सबसे बड़ी बेटी की बचपन में ही मौत हो गई थी।
जांच अधिकारियों के अनुसार, मई में एक किशोरी ने राजकुमार पर पीछा करने और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का कहना है कि वह कथित तौर पर किशोरी का उसके कोचिंग संस्थान से घर तक पीछा करता था और उस पर बार-बार उसका प्रेम प्रस्ताव स्वीकार करने का दबाव बनाता था। बाद में अदालत से उसे अग्रिम जमानत मिल गई, क्योंकि जिन धाराओं में मामला दर्ज किया गया था, उनमें सात साल से कम सजा का प्रावधान था।
पुलिस ने यह भी कहा कि आरोपी को पहले से ही व्यवहार संबंधी समस्याएं थीं। खबरों के मुताबिक, परिवार वालों ने जांचकर्ताओं को बताया कि वह मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा था, उसे जुए की लत लग गई थी और उस पर काफी कर्ज़ था।
घटना के बाद राजकुमार के घर पहुँचे रिश्तेदारों का कहना था कि ऐसा लग रहा था कि दोनों बच्चों की हत्या तब की गई जब वे सो रहे थे, जबकि जिस कमरे में पार्वती का शव मिला, वहां हिंसक संघर्ष के निशान दिखाई दे रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि दरवाजे अंदर से बंद थे और पंखा, एयर-कंडीशनर और कूलर चल रहे थे।
फोरेंसिक टीम ने सभी घटनास्थलों की जांच की है। जांच अधिकारी वारदात के पूरे घटनाक्रम को जोड़ने और इन हत्याओं के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटे हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।
–आईएएनएस
एसएचके/एएस