भारत बनाम इंग्लैंड: 2019 के बाद पहली बार हुआ ऐसा, टीम इंडिया को मिली टी20 में तीसरी सबसे बड़ी हार


ब्रिस्टल, 10 जुलाई (आईएएनएस)। भारत को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में 9 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में मिली हार के साथ ही भारत ने लगातार दूसरी टी20 सीरीज गंवा दी है। पांच मैचों की टी20 सीरीज में इंग्लैंड ने अब 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। टीम इंडिया के बल्लेबाजों का प्रदर्शन एक बार फिर निराशाजनक रहा।

टी20 इंटरनेशनल में साल 2019 के बाद यह पहला मौका है, जब भारतीय टीम को लगातार दो टी20 सीरीज गंवानी पड़ी है। इंग्लैंड से पहले भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ दो मुकाबलों की टी20 सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था। 2019 में भारत ने न्यूजीलैंड और फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाातर टी20 सीरीज में हार का सामना किया था।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 158 रन बनाए। हालांकि, इंग्लैंड ने बेहद आसानी से सिर्फ 13.5 ओवर में एक विकेट गंवाकर 159 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया। इंग्लैंड ने 37 गेंदें शेष रहते हुए जीत दर्ज की। गेंदों के लिहाज से यह भारतीय टीम की टी20 इंटरनेशनल में तीसरी सबसे बड़ी हार है। वहीं, इंग्लैंड ने 150 से ज्यादा रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विकेटों के लिहाज से अपनी संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की है।

इंग्लैंड ने भारत को पहली बार दो से उससे अधिक मैचों की टी20 द्विपक्षीय सीरीज में हराया है। इससे पहले, दोनों टीमों के बीच कुल 6 द्विपक्षीय सीरीज खेली गई थीं, जिसमें से 5 भारतीय टीम ने जीती थी, तो एक का अंत बराबरी पर हुआ था। इंग्लैंड की ओर से कप्तान हैरी ब्रूक ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 35 गेंदों में 79 रनों की दमदार पारी खेली।

वहीं, फिल साल्ट 42 गेंदों में 59 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 68 गेंदों में 146 रनों की अटूट साझेदारी निभाते हुए इंग्लैंड को 9 विकेट से जीत दिलाई। सीरीज का पांचवां और आखिरी टी20 मुकाबला 11 जुलाई को साउथेम्प्टन के द रोज बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा।

–आईएएनएस

एसएम/एएस


Show More
Back to top button