टीसीएस का वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में मुनाफा 3 प्रतिशत घटा! निवेशकों के लिए 12 रुपए प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड का ऐलान


मुंबई, 9 जुलाई (आईएएनएस)। देश की सबसे बड़ी आईटी सेवा निर्यातक कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध लाभ (नेट प्रॉफिट) तिमाही आधार पर करीब 3 प्रतिशत घटकर 13,349 करोड़ रुपए रहा। इससे पहले जनवरी-मार्च तिमाही (वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही) में कंपनी ने 13,718 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।

हालांकि, सालाना आधार पर कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही (वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही) में दर्ज 12,760 करोड़ रुपए के मुकाबले इस बार शुद्ध लाभ में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी की ऑपरेशंस से आय (रेवेन्यू) सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर 72,275 करोड़ रुपए रही, जबकि एक साल पहले समान अवधि में यह 63,437 करोड़ रुपए थी।

तिमाही आधार पर भी कंपनी की आय में बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछली तिमाही के 70,698 करोड़ रुपए के मुकाबले राजस्व में करीब 2 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

कंपनी के निदेशक मंडल (बोर्ड) ने निवेशकों के लिए 12 रुपए प्रति इक्विटी शेयर के अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की है। इसके लिए 15 जुलाई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। पात्र शेयरधारकों को डिविडेंड का भुगतान 31 जुलाई 2026 को किया जाएगा।

नतीजों पर टिप्पणी करते हुए कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) के. कृतिवासन ने कहा कि चुनौतीपूर्ण वैश्विक कारोबारी माहौल और भू-राजनीतिक तथा व्यापक आर्थिक चुनौतियों (मैक्रो-इकोनॉमिक हेडविंड्स) के बावजूद कंपनी ने अपनी विकास गति बनाए रखी है।

उन्होंने कहा, “वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे हमारी मजबूत रणनीतिक स्थिति और निरंतर विकास को दर्शाते हैं। इस दौरान हमें 9.5 अरब डॉलर की मजबूत ऑर्डर बुक मिली, जिसमें एसकेएफ के साथ एआई-आधारित बड़े ट्रांसफॉर्मेशन प्रोजेक्ट का अनुबंध भी शामिल है। साथ ही हमने विभिन्न राजस्व श्रेणियों में नए ग्राहक जोड़े और हमारे एआई कारोबार का वार्षिक राजस्व रन रेट बढ़कर 2.6 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।”

कंपनी ने पहली तिमाही में 24 प्रतिशत का ऑपरेटिंग मार्जिन और 19.2 प्रतिशत का नेट मार्जिन दर्ज किया। परिचालन गतिविधियों से कंपनी ने 12,412 करोड़ रुपए का नकद प्रवाह (नेट कैश फ्रॉम ऑपरेशंस) हासिल किया, जो उसके शुद्ध लाभ का 93 प्रतिशत है।

जून तिमाही के अंत तक टीसीएस में कुल 5,93,798 कर्मचारी कार्यरत थे। वहीं, कंपनी के आईटी सर्विसेज कारोबार में पिछले 12 महीनों (एलटीएम) की एट्रिशन दर (कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने की दर) 13.6 प्रतिशत रही।

–आईएएनएस

डीबीपी


Show More
Back to top button