दिल्ली के होटल में झगड़े के बाद पति ने पत्नी का हाथ काटा, आरोपी फरार


नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी के एक होटल में एक व्यक्ति ने झगड़े के बाद अपनी पत्नी का हाथ काट दिया। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को घटना की पुष्टि की।

घटना शुक्रवार शाम को उत्तर पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है। आरोपी के पास कोई स्थिर व्यवसाय नहीं है और दंपति का एक बच्चा है।

अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी शुक्रवार देर शाम होटल से मिली। जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। जहांपर पुलिस को पता चला कि महिला का हाथ कलाई से कट गया है।

अधिकारी ने बताया कि महिला का काफी खून बह गया था, जिसके कारण उसे तत्काल बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। वहां से महिला को सफदरजंग अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां उसका फिलहाल इलाज चल रहा है।

शुरुआती जांच के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कानपुर के जोड़े ने शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे होटल में चेक इन किया था।

शुरुआत में अर्धबेहोशी की हालत में महिला ने पुलिस को बताया कि उसके और पति के बीच विवाद हो गया है। इसके अलावा वह झगड़े के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे सकी।

पुलिस का कहना है कि संदेह है कि आरोपी ने संभवतः अपनी पत्नी को कोई पदार्थ दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। फिर उसका हाथ काट दिया। होश में आने के बाद महिला ने होटल के कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई।

पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

–आईएएनएस

एबीएम


Show More
Back to top button