सुनीता आहूजा के सपोर्ट में उतरीं कश्मीरा शाह, बोलीं- 'जो आपको परेशान कर रहे हैं, उन्हें करारा जवाब दो'


मुंबई, 6 जुलाई (आईएएनएस)। रियलिटी शो अक्सर सिर्फ मनोरंजन ही नहीं बल्कि कई बार कलाकारों की निजी भावनाओं और संघर्षों को भी सामने ले आते हैं। ऐसा ही एक भावुक पल हाल ही में ‘लॉक अप सीजन 2’ में देखने को मिला, जब सुनीता आहूजा शो में अपना अनुभव साझा करते हुए भावुक हो उठी। ऐसे में अभिनेत्री कश्मीरा शाह ने सुनीता आहूजा के समर्थन में आवाज उठाई।

कश्मीरा शाह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह सुनीता आहूजा को गले लगाते हुए दिखाई दे रही हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने सुनीता आहूजा को मजबूत रहने की सलाह दी और कहा कि वह अकेली नहीं हैं।

अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कश्मीरा ने लिखा, ”मजबूत रहो मामी। आप अकेले नहीं हो। हम सब आपके साथ हैं। किसी को भी आप खुद को कमजोर करने मत दो। आप असली हो, खुद पर भरोसा रखो और जो आपको परेशान कर रहे हैं, उन्हें करारा जवाब दो। आपकी ‘डिविल्स एंजेल’ आपके साथ है और मैं वादा करती हूं कि कोई भी आपको नीचे नहीं गिरा पाएगा या रुला नहीं पाएगा। मुझे पता है आप जवाब दे सकती हो, लेकिन आप चुप हो, क्योंकि आप बस घर वापस जाना चाहती हो। लेकिन मैं कहती हूं कि वहीं डटी रहो और उन्हें जवाब दो जो आपको परेशान कर रहे हैं। मैं आपसे हमेशा प्यार करती रहूंगी।”

यह पूरा मामला तब सामने आया जब शो में सुनीता आहूजा को बेहद खराब क्वालिटी का खाना मिला, जिसके बाद वह भावुक होकर रो पड़ीं।

गौरतलब है कि सुनीता आहूजा के शो में आने के बाद से ही वह लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं, खासकर अपनी जीवन को लेकर दिए गए बयानों के कारण। वह अक्सर अपने पति और बॉलीवुड सुपरस्टार गोविंदा के साथ रिश्ते को लेकर खुलकर बात करती नजर आई हैं।

पहले भी शो में बातचीत के दौरान सुनीता आहूजा ने कहा था कि वह अपने पति के एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर्स के बारे में लगातार सोचकर अपनी सेहत पर असर नहीं डालना चाहतीं। उन्होंने बताया था कि अब वह अपनी जिंदगी में अपने बच्चों और मानसिक शांति को ज्यादा प्राथमिकता देती हैं।

सुनीता ने कहा था, ”अगर ऐसा हुआ भी है तो अब क्या कर सकते हैं… शुरू से ही ऐसा चलता आ रहा है। वह एक बड़े स्टार हैं, इसलिए आप कुछ कह भी नहीं सकते। इस उम्र में अगर मैं इन बातों के बारे में सोचूंगी तो मेरा शुगर और बढ़ जाएगा। जैसे चल रहा है, वैसे ही चलने दो।”

जब एक अन्य कंटेस्टेंट ने उनसे पूछा कि क्या वह अब भी दुखी होती हैं, तो सुनीता ने कहा, ”अब सब ठीक है, मैं अपने बच्चों के लिए जीती हूं।”

जब उनसे यह पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि गोविंदा अब भी उन्हें धोखा दे रहे हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, ”क्या आप किसी को रोक सकते हैं? क्या मैं 24 घंटे उनके सामने बैठी रह सकती हूं? सामने वाला भी तो परेशान हो जाएगा। मैं अब इन बातों के बारे में सोचती ही नहीं हूं।”

–आईएएनएस

पीके/एएस


Show More
Back to top button