कोरोना महामारी के दौरान डिप्रेशन में चले गए थे कॉमेडियन 'वीआईपी', बेटी ध्वनि बनी सबसे बड़ी ताकत

मुंबई, 3 जुलाई (आईएएनएस)। कोविड-19 महामारी का समय मनोरंजन जगत के लिए भी बेहद कठिन दौर साबित हुआ था, जब शूटिंग, लाइव शो और स्टेज परफॉर्मेंस पूरी तरह रुक गए थे। इसी मुश्किल समय को याद करते हुए दिग्गज कॉमेडियन और अभिनेता विजय ईश्वरलाल पवार ने अपने जीवन का एक भावनात्मक अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि उस समय काम पूरी तरह बंद हो जाने की वजह से वह डिप्रेशन में चले गए थे, लेकिन उनकी बेटी ध्वनि ने उनका हौसला बढ़ाया।
वीआईपी के नाम से पहचाने जाने वाले विजय ईश्वरलाल पवार ने एक टीवी शो ‘तुम हो ना – घर की सुपरस्टार’ में बातचीत के दौरान इस कठिन समय को याद किया। शो के होस्ट राजीव खंडेलवाल के सामने वह भावुक हो उठे और बताया, ”महामारी के दौरान कलाकार सबसे ज्यादा प्रभावित हुए थे। उस समय कलाकारों के लिए काम के अवसर लगभग खत्म हो चुके थे। लगातार काम न मिलने से मैं मानसिक रूप से टूटने लगा था और खुद को असहाय महसूस कर रहा था।”
वीआईपी ने कहा, ”इस दौरान मेरी बेटी ध्वनि पवार ने मेरे हालात को समझा और मुझे इस स्थिति से बाहर निकालने की कोशिश की। ध्वनि ने मुझे डिजिटल दुनिया से जोड़कर फिर से काम करने के लिए प्रेरित किया। उसने मुझे वर्चुअल शो करने का आइडिया दिया। उसने खुद आगे बढ़कर आयोजकों से बात की और एक नया फॉर्मेट तैयार किया। इस वर्चुअल शो में मैं 45 मिनट तक अपनी कॉमेडी परफॉर्मेंस देता था, जबकि बाकी समय मेरी बेटी एंकरिंग और सिंगिंग करती थीं। यह नया एक्सपेरिमेंट काफी सफल रहा और दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया। इस पहल ने मेरा आत्मविश्वास भी वापस लौटाया।”
उन्होंने कहा, ”उस समय दबाव बहुत ज्यादा था, क्योंकि पूरी इंडस्ट्री ठप पड़ी थी और हर कोई घरों में बैठा था। ऐसे माहौल में मेरी बेटी ने मुझे हिम्मत दी और दोबारा मंच से जोड़ने का रास्ता दिखाया।”
दूसरी ओर शो में मौजूद उनकी बेटी ध्वनि पवार ने भी अपने पिता के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि मैंने कोई बड़ा काम नहीं किया। एक पिता का योगदान जीवन में इतना बड़ा होता है कि उसके सामने अपना योगदान बहुत छोटा लगता है।
वीआईपी पिछले तीन दशकों से कॉमेडी की दुनिया में सक्रिय हैं और उन्होंने टीवी के कई लोकप्रिय शो जैसे ‘कॉमेडी सर्कस’, ‘कॉमेडी नाइट्स बचाओ’ और ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ में अपनी पहचान बनाई है।
–आईएएनएस
पीके/वीसी