राम मंदिर जाने से पहले मुझे नजरबंद किया, कांग्रेसी नेताओं को किया जा रहा परेशान: अजय राय


अयोध्या, 30 जून (आईएएनएस)। राम मंदिर चढ़ावे में कथित हेराफेरी विवाद के बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया कि राम मंदिर जाने से पहले ही उन्हें पुलिस ने नजरबंद कर दिया। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर दावा किया कि उन्हें आचार्य नरेंद्र देव विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में बंद रखा गया है और कांग्रेस नेताओं के साथ मानसिक प्रताड़ना दी जा रही है।

वीडियो संदेश में अजय राय ने कैमरे के माध्यम से गेस्ट हाउस का दृश्य दिखाते हुए कहा कि उन्हें एक कमरे में अकेले बंद कर दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद है और काफी प्रयास करने के बावजूद वह खुल नहीं रहा है। गेस्ट हाउस के बाहर लगी ग्रिलों को भी बंद कर दिया गया है, जिससे उन्हें बाहर निकलने की अनुमति नहीं है।

अजय राय ने कहा कि उन्हें पूरी तरह से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उनकी स्थिति जानने या हालचाल लेने वाला भी कोई नहीं है। वह भगवान राम के दर्शन किए बिना वापस नहीं जाएंगे और दर्शन करने के अपने संकल्प पर अड़े हुए हैं। वीडियो संदेश में अजय राय ने राज्य सरकार और प्रशासन पर दोहरा रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि एक ओर आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल को अयोध्या बुलाकर रामलला के दर्शन कराए जाते हैं और उन्हें पूरी वीआईपी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, जबकि दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं को रोका जा रहा है।

अजय राय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में शामिल किशोरी लाल, उज्ज्वल रमण, राकेश राठौर, तनुज पुनिया, पूर्व विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह, एपी गौतम, विधायक वीरेंद्र चौधरी और पूर्व विधायक मीता गौतम समेत अन्य नेताओं को भी उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया है। कांग्रेस नेताओं को राम मंदिर जाने से रोकने के लिए प्रशासन द्वारा इस तरह की कार्रवाई की जा रही है।

–आईएएनएस

पीएसके/डीकेपी


Show More
Back to top button