'ऑपरेशन अमिस्ताद': भारतीय वायु सेना ने वेनेजुएला में पहुंचाई राहत सामग्री और फील्ड हॉस्पिटल की टीम


नई दिल्ली, 28 जून (आईएएनएस)। विनाशकारी भूकंप की मार झेल रहे वेनेजुएला की तरफ भारत ने मदद का हाथ बढ़ाया है। भारत ने वेनेजुएला को मानवीय सहायता देने के लिए ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ शुरू किया है।

रविवार को एक जानकारी में बताया गया कि ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत उत्तरी वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के जवाब में भारतीय वायु सेना के दो सी-17 विमान 35 टन राहत सामग्री, भारतीय सेना के फील्ड हॉस्पिटल की एक टीम, और दो भीष्म क्यूब लेकर वेनेजुएला जाते समय आबिदजान से होकर गुजरे।

इस टीम में 41 लोग शामिल हैं, जिनमें नौ मेडिकल ऑफिसर हैं। यह टीम भूकंप से प्रभावित लोगों को इमरजेंसी मेडिकल केयर, ट्रॉमा मैनेजमेंट, जान बचाने वाली सर्जरी और अन्य ज़रूरी हेल्थकेयर सेवाएं देने के लिए तैयार है।

यह टीम विदेश मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराए गए लगभग छह टन मेडिकल सामान और मानवीय राहत सामग्री ले जा रही है। इसके अलावा, दो विमानों में से एक, भारत के ‘आरोग्य मैत्री प्रोजेक्ट’ के तहत एक भीष्म क्यूब (भारत हेल्थ इनिशिएटिव फॉर सहयोग, हित और मैत्री) ले जा रहा है।

भीष्म क्यूब एक अत्याधुनिक, स्वदेशी और तेजी से तैनात की जा सकने वाली मॉड्यूलर मेडिकल सुविधा है, जिसे खास तौर पर आपदा और मानवीय राहत कार्यों के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें छोटे और आत्मनिर्भर मेडिकल मॉड्यूल होते हैं, जिन्हें तेजी से जोड़कर एक पूरी तरह काम करने वाला फील्ड हॉस्पिटल बनाया जा सकता है। यह हॉस्पिटल 200 मरीजों तक को एडवांस्ड ट्रॉमा केयर, इमरजेंसी सर्जरी, इंटेंसिव केयर सपोर्ट और जरूरी मेडिकल इलाज देने में सक्षम है। पोर्टेबल वेंटिलेटर, मरीजों के मॉनिटर, डायग्नोस्टिक उपकरण, सर्जिकल उपकरण, बिजली बनाने की व्यवस्था और ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम से लैस भीष्म क्यूब, दुनिया में कहीं भी मानवीय संकट के समय तेजी से और असरदार मेडिकल मदद पहुंचाने की भारत की क्षमता को काफी बढ़ाता है।

ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत मेडिकल टीम को भेजना मानवीय सहायता और आपदा राहत के प्रति भारत की मजबूत प्रतिबद्धता और संकट के समय मित्र देशों को समय पर मदद देने की उसकी तत्परता को दिखाता है।

–आईएएनएस

एमएस/


Show More
Back to top button