वैभव एक लेवल पार करने के बाद अगली चुनौती तलाशते हैं: दिनेश कार्तिक

लंदन, 27 जून (आईएएनएस)। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के विरुद्ध टी20 सीरीज के पहले मैच में मौका नहीं मिल सका था। हालांकि, भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का मानना है कि वैभव चुनौतियों का सामना करना पसंद करते हैं। वह एक लेवल पार करने के बाद हमेशा अगली ऐसी चीज की तलाश में रहते हैं, जो उन्हें क्रिकेट की दुनिया में चुनौती दे सके।
शुक्रवार को बेलफास्ट में खेले गए सीरीज के पहले मैच में खराब शुरुआत के बावजूद आयरलैंड ने 9 विकेट खोकर 182 रन बनाए थे। इसके जवाब में टीम इंडिया 18.5 ओवरों में सिर्फ 148 रन पर सिमट गई।
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 की ऑरेंज कैप हासिल की थी। उन्होंने सीजन के 16 मुकाबलों में 776 रन बनाए थे। इससे पहले वह अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की खिताबी जीत में 175 रन की पारी खेल चुके थे। हाल ही में वैभव ने त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में भारत-ए की तरफ से खेलते हुए श्रीलंका-ए के खिलाफ 94 रन की पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों में लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक लगाया था।
फिलहाल वैभव भारतीय टीम के साथ अपने पहले असाइनमेंट पर हैं। फैंस को उम्मीद है कि वैभव को आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरे मैच में डेब्यू का मौका मिलेगा। आयरलैंड के बाद वैभव इंग्लैंड जाएंगे, जहां वह पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
कार्तिक ने ‘स्काई स्पोर्ट्स’ पर कहा, “वैभव इतनी कम उम्र में ही असाधारण प्रतिभा वाले खिलाड़ी हैं। हर बार जब वह एक लेवल पार करते हैं, तो अगले चैलेंज की तलाश करते हैं। पहले, उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप में छोटी टीमों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया। फिर अंडर-19 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी बड़ी टीमों के खिलाफ भी अच्छा खेला। इसके बाद आईपीएल 2026 के लीग चरण में आए और अपना दबदबा बनाया। तब हमने सोचा कि उन्हें बड़े मैचों में देखा जाए। एलिमिनेटर मैच में, उन्होंने लगभग 12 ओवर तक बल्लेबाजी की। अगर वह शुरुआती 10 से 12 ओवर खेलते हैं, तो लगभग अपनी टीम के लिए मैच बना देते हैं, उन्होंने ठीक वैसा ही किया। पैट कमिंस जैसे वर्ल्ड-क्लास गेंदबाजों का भी डटकर सामना किया।”
कार्तिक ने कहा, “उनके सामने जो भी चुनौती आई, उसे शानदार ढंग से पार किया है। वह असाधारण हैं। उनका बैट स्विंग बहुत बढ़िया है। वैभव कुछ-कुछ जसप्रीत बुमराह जैसे हैं; आप उनके स्वाभाविक गेंदबाजी एक्शन के साथ छेड़छाड़ नहीं करना चाहेंगे। उनका बैकलिफ्ट भी बहुत अच्छा है। मुझे उम्मीद है कि आगे जो भी उन्हें कोचिंग देंगे, वह उनके बैट स्विंग को नहीं बदलेंगे।”
–आईएएनएस
आरएसजी