इसरो-इस्ट्रैक भर्ती 2026: साइंटिफिक असिस्टेंट समेत 26 पदों पर आवेदन शुरू, 20 जुलाई तक मौका


बेंगलुरु, 27 जून (आईएएनएस)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के एक प्रमुख केंद्र इसरो टेलीमेट्री ट्रैकिंग और कमांड नेटवर्क (इस्ट्रैक), बेंगलुरु ने टेक्निकल असिस्टेंट, साइंटिफिक असिस्टेंट, लाइब्रेरी असिस्टेंट, टेक्नीशियन- ‘बी’, ड्राफ्ट्समैन- ‘बी’ और कुक-‘ए’ के 26 विभिन्न पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर आवेदन आमंत्रित किए हैं।

इसरो-इस्ट्रैक ने जिन विषय/क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग 26 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की है, उनमें टेक्नीशियन-बी (आईटीआई इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक) के 8, टेक्नीशियन-बी (आईटीआई कारपेंटर) का 1, ड्राफ्ट्समैन-बी (सिविल) का 1, ड्राफ्ट्समैन-बी (मैकेनिकल) का 1, टेक्निकल असिस्टेंट (इलेक्ट्रॉनिक्स) के 6, टेक्निकल असिस्टेंट (मैकेनिकल) का 1, साइंटिफिक असिस्टेंट (कंप्यूटर साइंस) के 4, साइंटिफिक असिस्टेंट (बीएससी मैथमेटिक्स) का 1, लाइब्रेरी असिस्टेंट ‘ए’ का 1 और कुक-‘ए’ के 2 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 27 जून के सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे इसरो या इस्ट्रैक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के रात 11.55 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या बोर्ड से टेक्नीशियन पोस्ट के लिए एसएससी/एसएसएलसी/मैट्रिकुलेशन के साथ एनसीवीटी से इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक/टेक्नीशियन पावर इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम्स/मैकेनिक कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स/इलेक्ट्रॉनिक अप्लायंसेज/मैकेनिक इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड/कारपेंटर ट्रेड में आईटीआई/एनटीसी/एनएसी होनी चाहिए।

ड्राफ्ट्समैन पद के लिए उम्मीदवारों के पास एनसीवीटी से ड्राफ्ट्समैन (सिविल)/(मैकेनिकल) ट्रेड में एसएसएलसी/मैट्रिकुलेशन के साथ आईटीआई/एनटीसी/एनएसी होना चाहिए; टेक्निकल असिस्टेंट पोस्ट के लिए मान्यता प्राप्त स्टेट बोर्ड से इलेक्ट्रॉनिक्स/मैकेनिकल इंजीनियरिंग में फर्स्ट क्लास डिप्लोमा होना चाहिए और साइंटिफिक असिस्टेंट पद के लिए किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी/संस्थान से कंप्यूटर साइंस/गणित मुख्य विषय के साथ फर्स्ट क्लास बीएससी की डिग्री होनी चाहिए।

लाइब्रेरी असिस्टेंट पद के लिए किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी/संस्थान से लाइब्रेरी साइंस/लाइब्रेरी और इन्फॉर्मेशन साइंस में फर्स्ट क्लास ग्रेजुएशन के साथ फर्स्ट क्लास मास्टर्स डिग्री या इसके बराबर की योग्यता होनी चाहिए। वहीं, कुक पोस्ट के लिए एसएसएलसी/एसएससी पास या उसके बराबर की योग्यता के साथ किसी अच्छे होटल या कैंटीन में कुक के तौर पर कम से कम 2 वर्ष का अनुभव होना चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा/कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), कौशल परीक्षा (पाठ्यक्रम पर आधारित), डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 19,900 से 44,900 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग और पद के अनुसार निर्धारित एप्लीकेशन फीस का भुगतान करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 400 से 500 रुपए के बीच तय किया गया है। वहीं महिलाएं/एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/पूर्व-सैनिक को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

–आईएएनएस

डीके/वीसी


Show More
Back to top button