भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम जर्मनी से 1-6 से हारी


डसेलडोर्फ, 22 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम मंगलवार को 4 देशों के टूर्नामेंट के फाइनल में मेजबान जर्मनी से 1-6 से हार गई और टूर्नामेंट का समापन उपविजेता के रूप में किया।

भारत के लिए एकमात्र गोल सुदीप चिरमाको (22′) ने किया। जबकि, जर्मनी के लिए फ्लोरियन स्पर्लिंग (15′), बेन हसबैक (20′), ह्यूगो वॉन मोंटगेलस (23′), फैबियो सेट्ज़ (38′), निकस बेरेन्ड्ट्स (41′) और पॉल ग्लैंडर (43′) ने गोल किए।

अपने पिछले मैच में इंग्लैंड पर 4-0 की जीत के बाद भारत ने आत्मविश्वास से भरी शुरुआत की। हालांकि जर्मनी जिसने टूर्नामेंट में अपने पिछले सभी गेम जीते थे, जल्द ही भारत के लिए कड़ी चुनौती बन गया।

पहले क्वार्टर की समाप्ति से ठीक पहले फ्लोरियन स्पर्लिंग (15′) ने जर्मनी को आगे कर दिया और जर्मनी को बढ़त लेने में मदद की।

दूसरे क्वार्टर की शुरुआत जर्मनी ने अपना दबदबा कायम रखते हुए की। बेन हस्बैक (20′) ने मैच का दूसरा गोल करके अपनी टीम की बढ़त बढ़ा दी। लेकिन, दो मिनट बाद सुदीप चिरमाको (22′) ने भारत के लिए गोल कर दिया।

जर्मनी के ह्यूगो वॉन मोंटगेलस (23′) ने सीधे गोल करके जर्मनी को फिर से दो गोल की बढ़त हासिल करने में मदद की। जर्मनी ने अच्छा बचाव करते हुए हाफ टाइम में 3-1 की बढ़त के साथ प्रवेश किया।

दो गोल से पिछड़ने के बाद, भारत ने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में आक्रामक इरादे दिखाए। लेकिन, फैबियो सेट्ज़, 38वें मिनट में गोल करने में सफल रहे और जर्मनी की बढ़त 4-1 कर दी।

निकस बेरेन्ड्ट्स (41′) ने पेनाल्टी कॉर्नर का भरपूर फायदा उठाया जबकि पॉल ग्लेंडर (43′) ने एक और फील्ड गोल करके जर्मनी को तीसरे क्वार्टर के अंत तक 6-1 की प्रमुख बढ़त दिलाने में मदद की।

समय समाप्त होने में 15 मिनट शेष रहते जर्मनी ने अपने हाफ में अच्छा बचाव किया और अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए मैच 6-1 से जीत लिया।

–आईएएनएस

एएमजे


Show More
Back to top button