पीएम मोदी का भारत के लिए विजन शानदार, असाधारण और असरदार: अमेजन के सीईओ

नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। अमेजन के सीईओ एंडी जेसी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की, जिसके बाद उन्होंने कहा कि वो पीएम के विजन से खासा प्रभावित हैं।
एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा, “पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी का विजन वास्तव में उल्लेखनीय रहा है। इसे देश के विकास और दुनिया के लगभग हर क्षेत्र में भारत की बढ़ती अहमियत में साफ देखा जा सकता है। जब भी मुझे उनके साथ समय बिताने का अवसर मिलता है, तो मैं देखता हूं कि उनके पास देश को हर स्तर पर और बेहतर बनाने के लिए अनेक नए विचार होते हैं। यह बेहद अहम, असाधारण और असरदार है।”
इसके साथ ही, उन्होंने गुरुवार को हुई बातचीत में तय की गई योजना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हमने (अमेजन) वर्ष 2010 से अब तक भारत में 40 अरब डॉलर का निवेश किया है। पिछले साल के अंत में, हमने घोषणा की थी कि 2026 से 2030 के बीच भारत में 35 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश करेंगे। आज हमने यह घोषणा की है कि इस राशि को बढ़ाकर 48 अरब डॉलर किया जा रहा है। यानी, 2026 से 2030 के बीच कुल 48 अरब डॉलर का नया निवेश किया जाएगा।
एंडी ने कहा, “हमारे निवेश का एक बड़ा हिस्सा ई-कॉमर्स मार्केटप्लेस कारोबार में है, लेकिन आज घोषित अतिरिक्त 13 अरब डॉलर का निवेश विशेष रूप से क्लाउड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर केंद्रित होगा।”
सीईओ जेसी ने माना कि भारत तेजी से दुनिया का एक महत्वपूर्ण क्लाउड और एआई हब बन रहा है। यहां इन सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है, इसलिए हम क्लाउड और एआई दोनों क्षेत्रों में अपना निवेश बढ़ा रहे हैं।
साल 2024 तक हमारी गतिविधियों के जरिए भारत में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 28 लाख रोजगार सृजित हुए हैं। हमारा लक्ष्य है कि 2030 के अंत तक यह संख्या बढ़कर करीब 38 लाख हो जाए।
इससे पहले जेसी ने मुलाकात के तुरंत बाद पीएम मोदी के साथ तस्वीर साझा कर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र के साथ अमेजन के भारत में भविष्य की योजनाओं को लेकर हुई मुलाकात बेहद अच्छी रही। हम एक दशक से अधिक समय से भारत में ग्राहकों, विक्रेताओं, डेवलपर्स, स्टार्टअप्स और उद्योगों को सेवाएं दे रहे हैं और अभी हमारी यात्रा की शुरुआत ही हुई है।”
–आईएएनएस
केआर/