'तुम से तुम तक' की अनु ने प्यार और रिश्तों का असली मतलब सिखाया : निहारिका चौकसे


मुंबई, 24 जून (आईएएनएस)। टीवी अभिनेत्री निहारिका चौकसे इन दिनों लोकप्रिय सीरियल ‘तुम से तुम तक’ को लेकर चर्चा में हैं। शो में वह अनु का किरदार निभा रही हैं, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।

हाल ही में शो की कहानी में एक बड़ा मोड़ देखने को मिला, जब अनु और आर्य ने तमाम मुश्किलों के बाद आखिरकार शादी कर ली। इस नए पड़ाव के बीच निहारिका ने अपने किरदार और उससे मिली सीख के बारे में आईएएनएस से बात की।

निहारिका चौकसे ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, ”जब मैं पीछे मुड़कर अनु के पूरे सफर को देखती हूं, तो मुझे महसूस होता है कि किरदार ने मुझे जीवन की कई अहम बातें सिखाई हैं। शो में कई ऐसे मौके आए, जब अनु की जिंदगी पूरी तरह बिखरती हुई नजर आई। हालात उसके खिलाफ थे, उसे बार-बार परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद उसने कभी प्यार पर विश्वास करना नहीं छोड़ा। मुझे अनु के किरदार की सबसे खास बात यही लगी।”

अभिनेत्री ने कहा, ”अनु का प्यार कभी भी जल्दबाजी में लिया गया फैसला नहीं था। उसके रिश्ते की नींव भरोसे, धैर्य और एक-दूसरे को समझने पर टिकी हुई थी। आज के समय में ऐसे रिश्ते कम देखने को मिलते हैं, जहां लोग हर परिस्थिति में एक-दूसरे का साथ निभाने की कोशिश करें। अनु ने हमेशा अपने रिश्ते को समझदारी और विश्वास के साथ संभाला और यही वजह थी कि वह हर मुश्किल दौर में भी मजबूत बनी रही।”

निहारिका ने कहा, ”अनु ने आर्य का साथ अपने रिश्ते और प्यार पर भरोसे के चलते दिया। किसी भी रिश्ते की असली ताकत यही होती है कि लोग मुश्किल समय में भी एक-दूसरे का हाथ न छोड़ें। अनु और आर्य की कहानी इसी भरोसे और विश्वास की कहानी है, जिसने दर्शकों को भी भावुक किया है।”

निहारिका ने कहा, ”यह किरदार मेरे दिल के बेहद करीब है। मैंने कई बार ऐसा महसूस किया है कि मैं खुद भी अनु की जिंदगी का हिस्सा बन गई हूं और उसके साथ-साथ उसी सफर को जी रही हूं। जब कोई कलाकार लंबे समय तक किसी किरदार को निभाता है, तो उस किरदार की कुछ अच्छी बातें उसके अपने व्यक्तित्व का भी हिस्सा बनने लगती हैं।”

उन्होंने बताया, ”अनु से मैंने कई सकारात्मक बातें सीखी हैं। उनमें सबसे अहम ये है कि वह हमेशा सकारात्मक बनी रहती है, लोगों को माफ करना और रिश्तों के लिए कभी हार न मानना भी शामिल है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अक्सर छोटी-छोटी बातों पर रिश्तों से दूर हो जाते हैं। ऐसे समय में अनु का किरदार यह संदेश देता है कि अगर कोई रिश्ता सच्चा और ईमानदार है, तो उसे बचाने और निभाने की कोशिश जरूर करनी चाहिए।”

–आईएएनएस

पीके/एबीएम


Show More
Back to top button