प्रधानमंत्री मोदी ने पद्म भूषण मलयालम अभिनेता ममूटी और उनके परिवार से मुलाकात की

नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में पद्म पुरस्कार 2026 प्रदान किए। प्रधानमंत्री मोदी ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने उन्होंने प्रसिद्ध मलयालम अभिनेता ममूटी और उनकी फैमिली से भी मुलाकात की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि मैंने राष्ट्रपति भवन में आयोजित द्वितीय नागरिक अलंकरण समारोह में भाग लिया, जहां पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए। ये पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण सेवा और समर्पण को सम्मानित करते हैं। प्रत्येक पुरस्कार विजेता समाज के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है। उनकी जीवन यात्राएं अनगिनत नागरिकों को प्रेरित करती हैं और सभी को कड़ी मेहनत और सेवा की शक्ति का स्मरण कराती हैं।
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर ममूटी की फैमिली से मुलाकात की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं। प्रधानमंत्री ने लिखा कि पद्म पुरस्कार समारोह के बाद अभिनेता ममूटी और उनकी परिवार से मुलाकात की।
बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कला के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए दिग्गज मलयालम अभिनेता ममूटी को पद्म भूषण से सम्मानित किया।
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पद्म पुरस्कार पाने वालों को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट लिखा कि आज राष्ट्रपति द्वारा पद्म पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी विशिष्ट व्यक्तियों को हार्दिक बधाई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पद्म पुरस्कारों को नया रूप दिया गया है, ताकि नि:स्वार्थ सेवा के माध्यम से समाज पर वास्तविक प्रभाव डालने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जा सके। ये पुरस्कार अब गुमनाम प्रभावशाली व्यक्तियों को सम्मानित करते हैं और नागरिकों को परिवर्तन में भागीदार बनने के लिए प्रेरित करके सहभागी लोकतंत्र को मजबूत बनाते हैं। मेरी हार्दिक शुभकामनाएं उन सभी को।
समारोह में राष्ट्रपति मुर्मु ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन (मरणोपरांत) को पद्म भूषण से सम्मानित किया। उनकी पत्नी रूपी सोरेन ने सम्मान प्राप्त किया। वहीं, टेनिस के दिग्गज विजय अमृतराज को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। गायिका अलका याग्निक को राष्ट्रपति मुर्मु ने पद्म भूषण से सम्मानित किया।
इस दौरान पी. नारायणन और जस्टिस (रिटायर्ड) केटी थॉमस को साहित्य और शिक्षा तथा जन-कार्य के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। पद्म भूषण पाने वाले अन्य लोगों में एसकेएम मैलानंदन, ममूटी, वेल्लापल्ली नटेसन और दत्तात्रेयुडु नोरी शामिल हैं।
–आईएएनएस
एमएस/डीकेपी