आंध्र प्रदेश: अनंतपुर में अंडर-19 टी20 नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप का उद्घाटन, 10 टीमें ले रहीं हिस्सा


नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन (आईडीसीए) ने सोमवार को अनंतपुर के आरडीटी स्टेडियम क्रिकेट ग्राउंड में तीसरी अंडर-19 टी20 नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप का उद्घाटन किया। यह प्रतियोगिता 22 से 26 जून तक अनंतपुर के आरडीटी स्टेडियम क्रिकेट ग्राउंड में खेली जाएगी। प्रतियोगिता में 23 लीग मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें ओवरऑल चैंपियन, रनर-अप और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को ट्रॉफी मिलेगी।

डेफ क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ आंध्र प्रदेश (डीसीएएपी) की तरफ से आयोजित इस चैंपियनशिप में देश के कुछ सबसे होनहार युवा बधिर क्रिकेटर एक मंच पर साथ आ रहे हैं। यह टूर्नामेंट खेलों में समावेशिता, उत्कृष्टता और समान अवसर को बढ़ावा देने के लिए आईडीसीए की लगातार प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस इवेंट में देश भर से कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें दिल्ली, मुंबई, हरियाणा, ओडिशा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश शामिल हैं।

आईडीसीए को बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया (बीसीसीआई) का समर्थन प्राप्त है। इसके साथ ही डेफ इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (डीआईसीसी) और एशियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन (एडीसीए) से मान्यता प्राप्त है।

चैंपियनशिप के बारे में बात करते हुए, आईडीसीए के अध्यक्ष सुमित जैन ने कहा, “मुझे यह देखकर बहुत खुशी हो रही है कि मेरा सपना धीरे-धीरे सच हो रहा है। अंडर-19 तीसरी टी20 नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप फॉर डेफ 2026 में देशभर के कुछ बेहतरीन युवा क्रिकेटर्स शामिल हो रहे हैं और यह हमारे खिलाड़ियों के जज्बे, हिम्मत और टैलेंट का जश्न है। मैं अपने सभी सपोर्ट पार्टनर्स का भी उनके उदार योगदान और कीमती मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।”

डीसीएएपी के महासचिव चल्लागली रघु ने कहा, “हमें अनंतपुर, आंध्र प्रदेश में आईडीसीए अंडर-19 तीसरी टी20 नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप फॉर डेफ की मेजबानी करने में खुशी हो रही है। आईडीसीए की तरफ से आमंत्रित 10 राज्यों के डेफ क्रिकेट एसोसिएशन की टीमों का स्वागत करते हुए हमें खुशी हो रही है। डेफ क्रिकेट टैलेंट को निखारना वाकई एक जश्न की तरह है। हमें आईडीसीए का सदस्य होने पर गर्व है। हम एक ऐसे टूर्नामेंट की उम्मीद कर रहे हैं जो उत्साह और सद्भावना पैदा करेगा और आंध्र प्रदेश में डेफ क्रिकेट को और बढ़ावा देगा।”

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button