विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: बेथ मूनी की तूफानी पारी, नीदरलैंड को 98 रन से रौंदकर शीर्ष पर ऑस्ट्रेलिया


साउथेम्प्टन, 20 जून (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया ने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 14वें मैच में नीदरलैंड को 98 रन से करारी शिकस्त दी। यह विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में रनों के अंतर से संयुक्त रूप से चौथी सबसे बड़ी जीत भी रही। इस वर्ल्ड कप में जीत की हैट्रिक के साथ ऑस्ट्रेलिया ने ‘ग्रुप-ए’ में पहला स्थान अपने नाम कर लिया है।

साउथेम्प्टन में शनिवार को खेले गए मुकाबले में टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए। जॉर्जिया वोल ने बेथ मूनी के साथ 28 गेंदों में 50 रन की साझेदारी की।

जॉर्जिया 9 गेंदों में 4 चौकों के साथ 17 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद अपना 50वां टी20 वर्ल्ड मुकाबला खेल रहीं एलिस पेरी महज 1 रन बनाकर आउट हो गईं।

ऑस्ट्रेलिया ने 5.1 ओवरों मे 51 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। यहां से बेन मूनी ने एश्ले गार्डनर के साथ 53 गेंदों में 101 रन की साझेदारी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

मूनी 42 गेंदों में 1 छक्के और 9 चौकों के साथ 74 के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट होकर वापस लौटीं, जबकि गार्डनर ने 32 गेंदों में 9 बाउंड्री के साथ 58 रन की पारी खेली। इनके अलावा, जॉर्जिया वेयरहैम ने सिर्फ 18 गेंदों में 41 रन बनाए, जिनकी पारी में 8 चौके शामिल रहे। विपक्षी खेमे से आइरिस ज्विलिंग ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि कैरोलीन डी लैंग ने 2 विकेट निकाले। एक विकेट हीदर सीगर्स को हाथ लगा।

इसके जवाब में नीदरलैंड की टीम निर्धारित ओवरों में 3 विकेट खोकर सिर्फ 121 रन ही बना सकी। नीदरलैंड ने 17 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। फीबे मोल्केनबोअर बगैर खाता खोले पवेलियन लौटीं, जबकि हीदर सीजर्स टीम के खाते में सिर्फ 9 रन का योगदान दे सकीं।

यहां से कप्तान बैबेट डी लीडे ने स्टेरे कैलिस के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 गेंदों में 96 रन जुटाए, लेकिन टीम को शर्मनाक हार से बचा नहीं सकीं। कैलिस 43 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 44 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि बैबेट ने 57 गेंदों में 5 चौकों के साथ नाबाद 56 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से किम गार्थ ने 20 रन देकर 2 विकेट निकाले। एनाबेल सदरलैंड ने 1 विकेट हासिल किया।

ग्रुप-ए में शीर्ष पर मौजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम का नेट रन रेट +4.391 है। वहीं,लगातार तीन मैच गंवाने के बाद नीदरलैंड की टीम -3.384 नेट रन रेट के साथ सबसे अंतिम पायदान पर है।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button