फीफा वर्ल्ड कप: स्कॉटलैंड को 1-0 से हराकर शीर्ष पर पहुंची मोरक्को, सैबारी ने किया एकमात्र गोल


फॉक्सबोरो, 20 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मोरक्को ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रुप सी के मुकाबले में स्कॉटलैंड को 1-0 से हराया। बोस्टन स्टेडियम में मिली इस जीत के साथ ही मोरक्को ने ग्रुप में पहला स्थान भी हासिल कर लिया है।

मोरक्को की तरफ से मुकाबले का एकमात्र गोल इस्माइल सैबारी ने मैच शुरू होने के 71 सेकंड बाद किया। यह मौजूदा टूर्नामेंट का अब तक का सबसे तेज गोल भी है। मोरक्को ने शुरुआत से ही मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा। टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और स्कॉटलैंड को संभलने का मौका नहीं दिया। सैबारी के शुरुआती गोल ने मोरक्को को बढ़त दिलाई और इसके बाद टीम ने पूरे मुकाबले में खेल की गति को अपने नियंत्रण में रखा।

मुकाबले की शुरुआत में ही स्कॉटलैंड के डिफेंस से चूक हुई। स्कॉटिश कप्तान ग्रांट हैनली सही पोजीशन में नहीं थे, जिसका पूरा फायदा मोरक्को ने उठाया। ब्राहिम डियाज के बेहतरीन पास पर इस्माइल सैबारी ने तेजी से आगे बढ़ते हुए शानदार शॉट लगाया और गेंद को गोल पोस्ट के भीतर भेज दिया।

यह सैबारी का टूर्नामेंट में दूसरा गोल था। इससे पहले उन्होंने ब्राजील के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ रहे मैच में भी गोल किया था। वह अपने पहले दो वर्ल्ड कप मैचों में गोल करने वाले केवल दूसरे अफ्रीकी खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि मिस्र के स्टार खिलाड़ी मोहम्मद सलाह ने हासिल की थी। पहले गोल के बाद भी मोरक्को की तरफ से लगातार हमले जारी रहे। अजेदीन ओनाही और अचरफ हकीमी ने कई अच्छे मौके बनाए। एक समय ऐसा लगा कि मोरक्को जल्द ही दूसरा गोल भी कर देगा, लेकिन स्कॉटलैंड के गोलकीपर एंगस गन ने कुछ बेहतरीन बचाव किए।

स्कॉटलैंड पहले हाफ में बुरी तरह से सघर्ष करता हुआ नजर आया। टीम का पहला दर्ज शॉट इंजरी टाइम में आया, जब लिंडन डाइक्स के कमजोर प्रयास को मोरक्को के गोलकीपर ने आसानी से रोक दिया। दूसरे हाफ में भी मोरक्को का दबदबा जारी रहा। टीम ने कई मौके बनाए, लेकिन दूसरा गोल नहीं कर सकी। हालांकि, मजबूत डिफेंस की बदौलत टीम ने स्कॉटलैंड को बराबरी का गोल करने का कोई मौका नहीं दिया।

पिछले वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल तक पहुंचकर सबको चौंकाने वाली मोरक्को की टीम का प्रदर्शन इस सीजन अब तक खेले गए दोनों ही मुकाबलों में दमदार रहा है। दो मैचों में चार अंक हासिल कर मोरक्को की टीम ग्रुप सी में पहले स्थान पर पहुंच गई है। टीम को अपने अगले मुकाबले में अब हैती से भिड़ना है।

दूसरी ओर, स्कॉटलैंड के खाते में तीन अंक हैं। टीम ने अपने पहले मैच में हैती को 1-0 से हराकर 36 साल बाद वर्ल्ड कप में जीत दर्ज की थी। हालांकि, मोरक्को के खिलाफ टीम अपने प्रदर्शन को दोहरा नहीं सकी। अब स्कॉटलैंड को अपने अंतिम ग्रुप मैच में पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील का सामना करना है, जो उसके लिए बड़ी चुनौती होगी।

–आईएएनएस

एसएम/एएस


Show More
Back to top button