2027 में सपा का हश्र टीएमसी जैसा होगा, भाजपा फिर बनाएगी सरकार: केशव प्रसाद मौर्य


कानपुर, 17 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद सपा का राजनीतिक प्रभाव पश्चिम बंगाल की तर्ज पर सिमट जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाएगी और विकास, सुशासन तथा कानून व्यवस्था के मुद्दों पर जनता का समर्थन पहले से अधिक मजबूत हुआ है।

भाजपा की ओर से आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते हुए मौर्य ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में क्षेत्रीय दलों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के बाद समाजवादी पार्टी का प्रभाव भी सीमित हो जाएगा और उसका राजनीतिक दायरा सिमटकर रह जाएगा।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस अलग-अलग चुनाव लड़ें या गठबंधन बनाकर मैदान में उतरें, भाजपा रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करेगी। उनका कहना था कि विपक्ष के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है और वह केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने सपा नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के नेताओं को ‘सैफई का चश्मा’ उतारकर प्रदेश के अन्य जिलों में हुए विकास कार्यों को भी देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे, निवेश, रोजगार, आधारभूत ढांचे और कानून व्यवस्था के मोर्चे पर प्रदेश में अभूतपूर्व बदलाव हुए हैं, जिन्हें विपक्ष स्वीकार करने को तैयार नहीं है।

अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे और कथित अनियमितताओं को लेकर उठ रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर निर्माण और उससे जुड़े कार्यों में किसी प्रकार के भ्रष्टाचार का प्रश्न ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने श्रद्धालुओं के धन के साथ कोई गड़बड़ी की होगी, तो कानून अपना काम करेगा और उसे उसके कर्मों का परिणाम अवश्य मिलेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निर्णायक कदम उठाए हैं। अपराध और माफिया तंत्र के खिलाफ चलाए गए अभियानों का असर जमीन पर दिखाई दे रहा है, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। यही वजह है कि प्रदेश की जनता का भरोसा भाजपा पर लगातार बढ़ रहा है।

–आईएएनएस

विकेटी/एएमटी


Show More
Back to top button