'इश्कनामा' में काम के अनुभव को लेकर बोलीं शहनाज गिल, 'ऐसे अनुभव खुद को बेहतर बनाते हैं'


मुंबई, 15 जून (आईएएनएस)। मशहूर अभिनेत्री शहनाज गिल की आने वाली फिल्म ‘इश्कनामा’ का टीजर रिलीज हो गया है, जिसने दर्शकों के बीच उत्साह को बढ़ा दिया है। यह फिल्म एक इमोशनल इंडो-पाक लव स्टोरी पर बेस्ड है, जिसमें प्यार, जुदाई और सीमाओं के बीच अधूरे रिश्तों की कहानी दिखाई जाएगी। फिल्म की शूटिंग पंजाब और राजस्थान में हुई है।

टीजर को चंडीगढ़ के एक इवेंट में रिलीज किया गया। इस दौरान फिल्म से जुड़े कलाकारों ने आईएएनएस संग अपने अनुभव साझा किए।

अभिनेता सौरभ सचदेवा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, ”जब मुझे इस प्रोजेक्ट के लिए पहली बार संपर्क किया गया, तो मैंने साफ बता दिया था कि मैंने कभी पंजाबी फिल्म में काम नहीं किया है। लेकिन, इसकी कहानी ने मुझे इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। यह एक ऐसा अवसर है, जिसे मैं छोड़ना नहीं चाहता था। मैंने बिना ज्यादा सोच-विचार के इस फिल्म के लिए हां कर दी।”

उन्होंने आगे कहा, ”फिल्म के सेट पर सभी कलाकार और क्रू मेंबर्स एक-दूसरे के साथ खुलकर विचार साझा करते थे। किसी भी सीन या आइडिया पर चर्चा करने की पूरी आजादी थी, जिससे क्रिएटिविटी और भी बेहतर तरीके से सामने आई। इस तरह का माहौल किसी भी फिल्म को खास बना देता है, क्योंकि इससे काम करने में आसानी और खुशी दोनों मिलती हैं।”

अभिनेता जय रंधावा ने भी फिल्म की कहानी और शूटिंग अनुभव के बारे में बात की। उन्होंने कहा, ”फिल्म की शूटिंग पंजाब और राजस्थान जैसे दो अलग-अलग स्थानों पर की गई है, जिससे कहानी को असली जैसा बैकड्रॉप मिला। यह फिल्म एक इंडो-पाक लव स्टोरी पर आधारित है और बॉर्डर पार प्यार की भावना को दर्शाती है। यह कहानी पंजाबी सिनेमा में पहली बार इस तरह के बड़े और अलग दृष्टिकोण के साथ पेश की जा रही है। यह फिल्म ‘बॉर्डरनामा’ नामक नॉवेल पर आधारित है।”

इनके अलावा, अभिनेत्री शहनाज गिल ने अपने किरदार और फिल्म को लेकर आईएएनएस से विचार साझा किए। उन्होंने कहा, ”अच्छे कलाकारों के साथ काम करना हमेशा सीखने का मौका देता है और ऐसे अनुभव से कलाकार खुद को बेहतर बना पाते हैं। मैं हमेशा ऐसे प्रोजेक्ट्स की तलाश में रहती हूं, जो ज्यादा अर्थपूर्ण हों, ताकि अभिनय में और गहराई लाई जा सके।”

शहनाज ने कहा, ”मैं फिल्म में एक पाकिस्तानी लड़की का किरदार निभा रही हूं, जिसका नाम टोरी है। वह बहुत ही मजबूत और साहसी लड़की है, जो अपने प्यार को पाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। यह भूमिका मेरे लिए चुनौतीपूर्ण और अलग अनुभव रही है।”

–आईएएनएस

पीके/एबीएम


Show More
Back to top button