सुबह क्यों जरूरी है हेल्दी नाश्ता, थाली में क्या-क्या करें शामिल?

नई दिल्ली, 6 जून (आईएएनएस)। आजकल मोटापा एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या बन गया है। व्यस्त जीवनशैली, अनियमित खानपान और जंक फूड की आदत ने लोगों को कई बीमारियों की चपेट में डाल दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों को चेतावनी देते हुए बताया कि मोटापे से बचने और स्वस्थ रहने के लिए सुबह का हेल्दी नाश्ता बहुत जरूरी है। अच्छा नाश्ता न सिर्फ दिनभर की एनर्जी देता है बल्कि भूख पर नियंत्रण रखता है और अनहेल्दी स्नैक्स खाने से भी बचाता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, सुबह का नाश्ता छोड़ने से मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है, जिससे वजन बढ़ने की संभावना ज्यादा हो जाती है। नाश्ता शरीर को जरूरी पोषण देता है और पूरे दिन एक्टिव रहने में मदद करता है। मंत्रालय का कहना है कि अगर आप फिट और एनर्जेटिक रहना चाहते हैं तो तली-भुनी और मीठी चीजों से दूर रहें।
सुबह का नाश्ता जरूरी है मगर जरूरी नहीं कि थाली में कुछ भी शामिल कर लिया जाए। ऐसे में भारत सरकार का स्वास्थ्य मंत्रालय बताता है कि सुबह के समय नाश्ते की थाली में क्या-क्या शामिल करना चाहिए?
मंत्रालय ने अपील की है कि बेहतर कल के लिए आज से ही समझदारी से स्नैकिंग शुरू करें। अनहेल्दी स्नैकिंग मोटापे का प्रमुख कारण है। स्मार्ट स्नैक करके आप फिट रह सकते हैं। दिन की शुरुआत हेल्दी नाश्ते से करें, ताकि पूरे दिन ऊर्जा बनी रहे और अनावश्यक भूख न लगे।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं कि छोटी-छोटी आदतें बदलने से बड़ा फर्क पड़ सकता है। रोज सुबह संतुलित नाश्ता, बीच में हेल्दी स्नैक्स और नियमित व्यायाम अपनाकर मोटापे को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है।
नाश्ते में फाइबर, प्रोटीन और अच्छे कार्ब्स वाली चीजें रखें। ओट्स, दही, अंडा, पूरे अनाज की रोटी, सब्जियों वाला पराठा, फल, दाल-चावल का हल्का खिचड़ी या उपमा अच्छे विकल्प हैं। सुबह के नाश्ते में ताजे फल जैसे सेब, केला, संतरा या पपीता जरूर शामिल करें। ये विटामिन और फाइबर से भरपूर होते हैं जो पेट को लंबे समय तक भरा रखते हैं। दोपहर के बीच अगर भूख लगे तो अनहेल्दी स्नैक्स की जगह स्मार्ट विकल्प चुनें। चिप्स और नमकीन की जगह भुने हुए चने खाएं। मिठाइयों और पेस्ट्री की बजाय मुट्ठी भर सूखे मेवे (बादाम, अखरोट, किशमिश) लें। क्रीमी और मीठे स्नैक्स की जगह ताजा सलाद या फल का सेवन करें। ये विकल्प न सिर्फ स्वादिष्ट हैं बल्कि वजन नियंत्रित रखने में भी मदद करते हैं।
–आईएएनएस
एमटी/पीएम