'सामान खरीदें, अधिक मोलभाव न करें, सोनू सूद ने सिद्धेश्वर मंदिर के बाहर छोटे व्यापारियों के लिए की खास अपील


मुंबई, 2 जून (आईएएनएस)। अभिनेता सोनू सूद एक बार फिर छोटे व्यापारियों का हौसला बढ़ाते नजर आए। इस बार वह मंदिर के बाहर छोटी-छोटी दुकानें लगाने वाले दुकानदारों के पास पहुंचे।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि अभिनेता सोलापुर के सिद्धेश्वर मंदिर के बाहर खड़े हैं। वह अपने प्रशंसकों से अपील कर रहे हैं कि जब भी कोई इस मंदिर में आए, तो इन छोटे दुकानदारों से सामान जरूर खरीदे और उनसे अधिक मोलभाव न करे।

उन्होंने वीडियो साझा करते हुए लिखा, “हर-हर महादेव।”

सोनू का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। कई यूजर्स इमोजी के साथ अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

सोलापुर का सिद्धेश्वर मंदिर महाराष्ट्र का एक प्रमुख और ऐतिहासिक हिंदू तीर्थस्थल है। यह 12वीं सदी के संत एवं समाज सुधारक श्री सिद्धारामेश्वर (सिद्धेश्वर) से जुड़ा हुआ है। मंदिर परिसर सिद्धेश्वर झील के मध्य स्थित है, जो इसकी विशेष पहचान मानी जाती है।

मंदिर परिसर में 68 शिवलिंग स्थापित होने का उल्लेख मिलता है। मकर संक्रांति के अवसर पर यहां प्रसिद्ध ‘गद्दा यात्रा’ का आयोजन किया जाता है, जो लगभग 15 दिनों तक चलती है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है।

अभिनेता सोनू सूद छोटे व्यापारियों समेत विभिन्न जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए अक्सर आगे आते रहे हैं। वर्ष 2020 में कोविड-19 महामारी और लॉकडाउन के दौरान उन्होंने प्रवासी श्रमिकों तथा अन्य जरूरतमंद लोगों की सहायता की थी। उन्हें उनके मानवीय कार्यों के लिए ‘एसडीजी स्पेशल ह्यूमैनिटेरियन एक्शन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया था।

सिर्फ सोनू सूद ही नहीं, बल्कि उनकी बहन और बेटे अयान सूद भी सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं।

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Show More
Back to top button