इजरायल के पीएम नेतन्याहू ने हिज्बुल्लाह ठिकानों पर हमले का दिया आदेश


तेल अवीव, 1 जून (आईएएनएस)। इजरायल ने हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर हमला करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने सेना को आदेश दिया है कि वो बेरूत के दक्षिणी उपनगर दहियेह स्थित ठिकानों को निशाने पर ले।

एक्स पोस्ट में लिखा गया कि इजरायली शहरों पर हमले के जवाब में पीएम नेतन्याहू और रक्षा मंत्री ने हिज्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाने का आदेश दिया है।

इससे पहले अपने आधिकारिक एक्स पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आरोप लगाया कि हिज्बुल्लाह की तरफ से लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन हो रहा है और वो इजराइली शहरों पर हमले जारी रख रहा है। इसके जवाब में उन्होंने सेना को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पोस्ट में कहा, “हिज्बुल्लाह के बार-बार हो रहे हमलों और हमारे नागरिकों को निशाना बनाने के जवाब में, मैंने रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज के साथ मिलकर आईडीएफ को बेरूत के दहियेह इलाके में आतंकी ठिकानों पर हमला करने का आदेश दिया है।”

इस बीच लेबनान की सरकारी न्यूज एजेंसी एनएनए के मुताबिक, इजरायली हमलों में 6 लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिणी लेबनान के ब्रैकाआ कस्बे में इजरायली ड्रोन हमले में 2 लोग मारे गए। वहीं पास के तूल कस्बे में हुए ड्रोन हमले में एक सीरियाई नागरिक की मौत हुई। एनएनए ने बताया कि लितानी नदी के उत्तर में स्थित कफरसीर कस्बे में रातभर हुए हमलों में 3 और लोगों की जान गई।

इस बीच लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने शांति वार्ता पर जोर दिया है। उन्होंने अमेरिका के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने और हिज्बुल्लाह के करीबी माने जाने वाले संसद के स्पीकर नबीह बेरी से सहमति लेने की कोशिश की। अल जजीरा ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि, नबीह बेरी ने दावा किया कि वह सीजफायर को लेकर हिज्बुल्लाह की प्रतिबद्धता की गारंटी दे सकते हैं लेकिन इसकी पहली शर्त यही है कि इजरायल गोलीबारी बंद करे।

–आईएएनएस

केआर/


Show More
Back to top button