अभिषेक बनर्जी पर हमले को 'सियासी ड्रामा' बताया, भाजपा सांसद खड़गे मुर्मु ने टीएमसी पर साधा निशाना

मुंबई, 1 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा सांसद खड़गे मुर्मु ने इस घटना को ‘सियासी ड्रामा’ करार देते हुए टीएमसी पर 15 साल से हिंसा और गुंडागर्दी का आरोप लगाया है।
भाजपा सांसद खड़गे मुर्मु ने आईएएनएस से विशेष बातचीत में कहा, “भाजपा ने कभी ड्रामा नहीं किया, लेकिन टीएमसी ने 15 सालों तक ड्रामा किया और जनता पर हमला भी किया। अब उसी का नतीजा मिल रहा है। हमारे प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने साफ कहा है कि किसी भी जगह राजनीतिक हिंसा नहीं होगी। चुनाव के बाद राजनीतिक हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
उन्होंने आगे आरोप लगाया, “4 मई तक जो लोग टीएमसी में थे, वही आज भाजपा का झंडा लेकर वैसा ही व्यवहार कर रहे हैं, जैसा पहले करते थे। जितनी भी ऐसी घटनाएं हो रही हैं, उनमें टीएमसी के पुराने लोग शामिल पाए जाते हैं।”
खड़गे मुर्मु ने अपने ऊपर हुए पुराने हमले का जिक्र करते हुए कहा, “6 अक्टूबर 2025 को मुझे पर और विधायक शंकर घोष पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने गंभीर हमला किया था। पत्थर मारे गए, खून निकला। अगर गाड़ी का दरवाजा खुलता तो हमारी हत्या हो जाती। मुझे सिलीगुड़ी अस्पताल में 20 दिन भर्ती रहना पड़ा, जिसमें 4 दिन आईसीयू में थे। उस समय ममता बनर्जी मिलने आई थीं और बोलीं कि आपको तो बस कान के नीचे चोट लगी है, आपको बीपी और शुगर है।”
उन्होंने टीएमसी पर पुलिस की मिलीभगत का भी आरोप लगाया और कहा, “हमले के समय टीएमसी समर्थक पुलिस मौके पर थी, लेकिन वह सिर्फ ड्रामा देख रही थी। अगर पुलिस सक्रिय होती तो इतना हमला नहीं होता।”
खड़गे मुर्मु ने टीएमसी की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा, “अब टीएमसी पूरी तरह खत्म होने वाली है। अवैध घुसपैठिए बांग्लादेश जा रहे हैं। तमाम हिंसा के पीछे टीएमसी का ही हाथ है। जनता टीएमसी से आक्रोशित है।”
उन्होंने अभिषेक बनर्जी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, “अभिषेक बनर्जी नंबर एक चोर हैं, यह पूरी दुनिया जानती है। वह 4 मई के बाद डीजे बजाने की बात कर रहे थे, अब कहां गए? जनता ने टीएमसी को अच्छी सजा दी है। अगर इस बार टीएमसी सत्ता में आती तो 2021 के बाद हुई हिंसा से भी ज्यादा हिंसा होती। जनता ने उन्हें सबक सिखाया है।”
भाजपा सांसद ने पार्टी की तरफ से साफ किया कि “भाजपा का किसी हमले में कोई भी हाथ नहीं है। अगर कोई भाजपा कार्यकर्ता शामिल पाया गया तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी।”
खड़गे मुर्मु ने टीएमसी पर केंद्र की योजनाओं में भ्रष्टाचार और जनता को लूटने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि टीएमसी की नीतियों के कारण बंगाल की जनता केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं से वंचित रही।
–आईएएनएस
एससीएच/एएस